Sensex 539 अंक लुढ़ककर 76933 के स्तर पर बंद, Nifty में 117 अंकों की गिरावट

Sensex 539 अंक लुढ़ककर 76933 के स्तर पर बंद, Nifty में 117 अंकों की गिरावट

घरेलू शेयर बाजार में बृहस्पतिवार को कारोबार के अंतिम घंटे में तेज बिकवाली से लगातार दूसरे दिन गिरावट रही। मानक सूचकांक बीएसई सेंसेक्स 539 अंक टूटा जबकि एनएसई निफ्टी 117 अंक नीचे आया। कारोबारियों के अनुसार, एचडीएफसी बैंक समेत अन्य प्रमुख कंपनियों के शेयरों में बिकवाली के साथ वैश्विक स्तर पर अनिश्चितता बने रहने से बाजार धारणा प्रभावित हुई।

वायदा एवं विकल्प खंड में मासिक सौदों की समाप्ति के दिन 30 शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 539.35 अंक यानी 0.70 प्रतिशत टूटकर दिन के निचले स्तर 76,933.59 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह, 50 शेयरों पर आधारित एनएसई निफ्टी 116.90 अंक यानी 0.48 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,090.85 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में एचडीएफसी बैंक सबसे अधिक नुकसान में रहा।

अमेरिकी अदालत में सामूहिक मुकदमा दायर किए जाने की खबर के बाद बैंक के शेयर में 2.08 प्रतिशत की गिरावट आई। सूचकांक में सबसे अधिक भारांश रखने वाली कंपनियों में शामिल रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर भी एक प्रतिशत टूटा, जिससे सेंसेक्स नुकसान में रहा। इसके अलावा एनटीपीसी, महिंद्रा एंड महिंद्रा, भारती एयरटेल, एचसीएल टेक और आईटीसी प्रमुख रूप से नुकसान में रहीं।

दूसरी तरफ, लाभ में रहने वाले शेयरों में कोटक महिंद्रा बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, टेक महिंद्रा और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स शामिल हैं। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.67 प्रतिशत बढ़कर 88.43 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लि. के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘सौदों (वायदा एवं विकल्प खंड में) की समाप्ति के कारण उतार-चढ़ाव और पश्चिम एशिया में कूटनीतिक समाधान की दिशा में प्रगति नहीं होने से बाजार सीमित दायरे में बना हुआ है।’’
ऑनलाइन ट्रेडिंग कंपनी एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पोनमुडी आर ने कहा, ‘‘भारतीय शेयर बाजार बृहस्पतिवार को गिरावट के साथ बंद हुए।

घरेलू चुनौतियों का असर सकारात्मक वैश्विक संकेतों पर भारी पड़ा। प्रमुख क्षेत्रों में व्यापक बिकवाली ने कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर चिंताओं में कमी से मिली राहत को बेअसर कर दिया।’’
उन्होंने कहा कि पूरे कारोबार के दौरान निफ्टी पर दबाव बना रहा। प्रमुख वित्तीय शेयरों में गिरावट और सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के साथ-साथ एफएमसीजी (दैनिक उपयोग का सामान बनाने वाली कंपनियों), सेवा और आईटी क्षेत्रों में लगातार बिकवाली से निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई।

एचडीएफसी बैंक का शेयर बीएसई में 2.08 प्रतिशत टूटकर 712 रुपये पर रहा। मझोली कंपनियों से जुड़ा बीएसई मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक 0.47 प्रतिशत टूटा, जबकि छोटी कंपनियों का स्मॉलकैप सेलेक्ट 0.01 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ लगभग स्थिर रहा। एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और चीन का शंघाई एसएसई कम्पोजिट बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि जापान का निक्की 225 और हांगकांग का हैंगसेंग गिरावट में रहे।

यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में ज्यादातर में गिरावट का रुख था। अमेरिकी बाजार बुधवार को नुकसान के साथ बंद हुए थे। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 502.63 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे।

सेंसेक्स बुधवार को 183.15 अंक प्रतिशत टूटकर 77,472.94 अंक और निफ्टी 126.80 अंक की गिरावट के साथ 24,207.75 अंक पर बंद हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *