धनतेरस, दीपावली पर करें सुरक्षा के विशेष इंतजाम:अधिकारियों के साथ बैठक में CM ने दिए निर्देश; कहा-ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त रखें

धनतेरस, दीपावली पर करें सुरक्षा के विशेष इंतजाम:अधिकारियों के साथ बैठक में CM ने दिए निर्देश; कहा-ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त रखें

तीन दिवसीय दौरे पर गोरखपुर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि धनतेरस, दीपावली व छठ को देखते हुए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जाएं। धनतेरस व दीपावली पर बाजार में काफी भीड़ होगी। इसलिए ट्रैफिक की व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए। इसके लिए विशेष कार्ययोजना बनाई जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सोने के दाम गिरने से धनतेरस में खरीदारी भी बढ़ेगी। ऐसे में लोगों की सुरक्षा के इंतजाम किए जाएं। बाजारों में पेट्रोलिंग कराई जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ पर्व को देखते हुए भी तैयारी करें। छठ घाटों पर साफ-सफाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि छठ को देखते हुए भी यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखा जाए। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रखें। सीएम ने निर्माणाधीन डीएम कार्यालय की प्रगति के बारे में जानकारी ली। यह काम जल्द से जल्द पूरा करने को कहा। मुख्यमंत्री ने इसके साथ ही जिले में संचालित अन्य विकास परियोजनाओं के बारे में जानकारी ली। सड़क परियोजनाओं के बारे में भी उन्होंने जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इंटीग्रेटेड कोर्ट कांप्लेक्स के निर्माण के लिए जमीन जल्द फाइनल कर लिया जाए। इसके लिए राप्तीनगर क्षेत्र में लगभग 30 एकड़ जमीन की तलाश चल रही है। जल्द ही जमीन फाइनल कर ली जाएगी। यहां सभी तरह के कोर्ट व अधिकारियों के रहने के लिए आवास भी बनाए जाएंगे।
रविवार को होने वाली PET की तैयारियों को लेकर भी मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त रखा जाए। अभ्यर्थियों को किसी तरह की दिक्कत नहीं होनी चाहिए। उन्होंने यहां परीक्षा के लिए आने वाले अभ्यर्थियों के बारे में जानकारी भी ली। मुख्यमंत्री ने सरदार वल्लभभाई पटेल कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार क्षेत्र विकास योजना के तहत विकसित किए जाने वाले सरदार वल्लभभाई पटेल कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार केंद्र के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री को बताया गया कि यह केंद्र गीडा में स्थापित किया जाएगा। केंद्र के माध्यम से जिले के युवाओं को उद्योगों की मांग के अनुरूप प्रशिक्षित करने तथा उन्हें रोजगार के अवसरों से जोड़ा जाएगा। इस केंद्र में युवाओं को उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा और उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण इसे गीडा में स्थापित किया जाएगा। प्रस्तावित केंद्र के माध्यम से इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिक वाहन तकनीक, उन्नत विनिर्माण, सूचना प्रौद्योगिकी एवं लॉजिस्टिक्स जैसे उभरते क्षेत्रों में कौशल प्रशिक्षण को बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही युवाओं के कौशल उन्नयन, करियर मार्गदर्शन तथा रोजगार उपलब्ध कराने संबंधी गतिविधियों को भी प्रोत्साहित किया जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *