खंडवा शहर के रामनगर क्षेत्र निवासी 32 वर्षीय युवक की बुधवार देर शाम हार्ट अटैक से मौत हो गई। युवक दोस्तों के साथ ग्राम सिंगोट में एक कार्यक्रम में शामिल होने गया था। वापसी के दौरान अचानक सीने में तेज दर्द उठा और हालत बिगड़ने लगी। दोस्त उसे तत्काल कार से शहर के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान सौरभ मालवीय के रूप में हुई है। वे रामनगर क्षेत्र में “मां वैष्णो जल” नाम से आरओ वाटर प्लांट संचालित करते थे। सौरभ अपने पीछे मां, पत्नी और सात साल की बेटी को छोड़ गए हैं। उनके असमय निधन की खबर से परिवार और परिचितों में शोक का माहौल है। परिजनों के अनुसार, बुधवार दोपहर सौरभ अपने एक दोस्त के साथ ग्राम सिंगोट में आयोजित एक कार्यक्रम में गए थे। देर शाम दोनों कार से वापस खंडवा लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में सौरभ ने सीने में दर्द होने की शिकायत की। दोस्त ने तुरंत कार रोकी, लेकिन कुछ ही देर में उनकी हालत और गंभीर हो गई। इसके बाद उन्हें तत्काल शहर के एक निजी अस्पताल लाया गया। यहां डॉक्टरों ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो चुकी थी। परिजनों ने बताया कि, सौरभ की शादी की सालगिरह सात दिन पहले ही मनाई गई थी। वहीं उनकी मां पिछले करीब एक साल से बीमार चल रही हैं। उनका मुंबई में इलाज चल रहा था और इसी महीने उन्हें वापस घर लाया गया था। ऐसे में सौरभ के अचानक निधन से परिवार पूरी तरह टूट गया है। सौरभ अपने व्यवहार और मिलनसार स्वभाव के कारण शहर में अच्छी पहचान रखते थे।


