धौलपुर में 12 अस्पतालों के रजिस्ट्रेशन निलंबित:सीएमएचओ ने नियमों की अनदेखी पर की कार्रवाई

धौलपुर में 12 अस्पतालों के रजिस्ट्रेशन निलंबित:सीएमएचओ ने नियमों की अनदेखी पर की कार्रवाई

धौलपुर में सीएमएचओ डॉ. धर्म सिंह मीना ने निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली पर सख्त कार्रवाई की है। औचक निरीक्षण के दौरान नियमों की अनदेखी पाए जाने पर 12 अस्पतालों के पंजीकरण 5 दिनों के लिए निलंबित कर दिए गए, जबकि 2 अस्पतालों के पंजीकरण स्थायी रूप से निरस्त कर दिए गए हैं। सीएमएचओ ने बताया कि यह कार्रवाई जिले में निजी स्वास्थ्य सेवाओं को पारदर्शी, जवाबदेह और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से की गई है। उन्होंने गुप्ता हड्डी हॉस्पिटल, यशोदा हॉस्पिटल और मैट्रो हॉस्पिटल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मरीजों से सीधे संवाद कर उपचार संबंधी जानकारी ली। कई अनियमितताएं आई सामने
निरीक्षण के दौरान गुप्ता हड्डी हॉस्पिटल में मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के तहत मरीजों को मिल रही निःशुल्क चिकित्सा सेवाओं की समीक्षा की गई। वहीं यशोदा हॉस्पिटल और मेट्रो हॉस्पिटल में ऑपरेशन के बाद भर्ती मरीजों से बातचीत कर चिकित्सकीय सुविधाओं और ऑपरेशन टीम के बारे में जानकारी जुटाई गई। सीएमएचओ ने बताया कि राजस्थान से बाहर के राज्यों में पंजीकृत चिकित्सकों के माध्यम से संचालित अस्पतालों की जांच में कई अनियमितताएं सामने आईं। इसके बाद श्री बांके बिहारी हॉस्पिटल, दिव्यांशी हॉस्पिटल एवं ट्रॉमा सेंटर, कलावती हॉस्पिटल, कोटा हॉस्पिटल, न्यू कृष्णा हॉस्पिटल, प्रकाश हॉस्पिटल, एस.एन. हॉस्पिटल, श्री कृष्णा हॉस्पिटल, श्रीजी हॉस्पिटल, सिद्धार्थ सिटी हॉस्पिटल, सी.एस. हॉस्पिटल और शिव नर्सिंग होम के पंजीकरण 5 दिनों के लिए निलंबित किए गए हैं। डॉ. मीना ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अस्पतालों में उपचार केवल राजस्थान मेडिकल काउंसिल में पंजीकृत चिकित्सकों द्वारा ही किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समयावधि के बाद भी नियमों की पालना नहीं होने पर संबंधित अस्पतालों के पंजीकरण स्थायी रूप से निरस्त कर दिए जाएंगे। इसके अलावा सर्जन डॉ. अनुराग सिंह से अनुबंधित ग्लोबल हॉस्पिटल और मैक्स हॉस्पिटल के पंजीकरण भी निरस्त कर दिए गए हैं। इन अस्पतालों के खिलाफ विभागीय जांच लंबित होने के कारण यह कार्रवाई की गई है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *