8 साल बाद खुले कचना ओवरब्रिज का ड्रोन VIDEO:रात में जगमगाया, हर 15 मिनट बंद में जाम लगता था, लोग बोले- समय पर पहुंचेंगे

8 साल बाद खुले कचना ओवरब्रिज का ड्रोन VIDEO:रात में जगमगाया, हर 15 मिनट बंद में जाम लगता था, लोग बोले- समय पर पहुंचेंगे

8 साल के इंतजार के बाद कचना रेलवे ओवरब्रिज आम लोगों के लिए खुल गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार रात इसका उद्घाटन किया, जिसके बाद लोग ओवरब्रिज का इस्तेमाल करने लगे। ओवरब्रिज का ड्रोन वीडियो भी सामने आया है। रात के वक्त ऊंचाई से ली गई तस्वीरों में गाड़ियों की आवाजाही और ब्रिज की लाइटें चमचमाती नजर आईं। ब्रिज खुलने से लोगों में खुशी है। उनका कहना है कि हर 15 मिनट में रेलवे फाटक बंद होने से यहां जाम लग जाता था। इससे बच्चों को स्कूल छोड़ने में देरी होती थी और लोग समय पर ऑफिस भी नहीं पहुंच पाते थे। अब ओवरब्रिज शुरू होने से बड़ी राहत मिली है। अब तक यहां रेलवे फाटक बंद होने के कारण रोजाना हजारों लोगों को जाम, तपती धूप और बारिश के बीच लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता था। ओवरब्रिज शुरू होने के बाद शहर के 3 लाख से ज्यादा लोगों को राहत मिली है। ओवरब्रिज की तस्वीरें देखिए… गाड़ियों की आवाजाही शुरू उद्घाटन के बाद आम लोगों के लिए ओवरब्रिज खोल दिया गया, जिसके बाद वाहनों का आनाजाना शुरू हो गया है। कार्यक्रम के दौरान आतिशबाजी भी की गई, हालांकि तय समय शाम 6 बजे की जगह उद्घाटन रात करीब साढ़े 9 बजे हुआ।
हर 15 मिनट में बंद होता था फाटक रेलवे के मुताबिक खम्हारडीह-कचना रेलवे फाटक पर पिछले कुछ वर्षों में ट्रेनों की संख्या काफी बढ़ गई है। इस रूट से 24 घंटे में करीब 120 यात्री और मालगाड़ियां गुजरती हैं। इसी वजह से औसतन हर 15 मिनट में फाटक बंद हो जाता था। अब ओवरब्रिज शुरू होने के बाद लोगों को जाम, तपती धूप और बारिश में रेलवे फाटक खुलने का लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। 48.78 करोड़ रुपए की लागत से बना ओवरब्रिज कचना रेलवे ओवरब्रिज 48.78 करोड़ रुपए की लागत से बनाया गया है। यह 871 मीटर लंबा और 12 मीटर चौड़ा टू-लेन ओवरब्रिज है। ओवरब्रिज खम्हारडीह स्थित सीएससीबी कार्यालय के आगे से शुरू होकर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी तक जुड़ चुका है। इसके अलावा 22.78 करोड़ रुपए की लागत से शंकर नगर-खम्हारडीह-कचना सड़क चौड़ीकरण का काम भी किया गया है। स्थानीय बोले- अब ट्रैफिक की बड़ी समस्या खत्म मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि ओवरब्रिज बनने से लाखों लोगों को ट्रैफिक जाम और रेलवे फाटक की समस्या से राहत मिलेगी। स्थानीय लोगों ने भी इसे बड़ी सुविधा बताया। स्थानीय निवासी मेघा ने कहा कि पहले स्कूल और काम पर जाने के दौरान रेलवे फाटक पर लंबा इंतजार करना पड़ता था। वहीं आकाश जोशी ने कहा कि हर 15 मिनट में ट्रेन आने से लोग फंस जाते थे, लेकिन अब आना-जाना आसान हो गया है। लोगों का कहना है कि ओवरब्रिज शुरू होने से ट्रैफिक की बड़ी समस्या खत्म हो गई है। ट्रैफिक रूट डायवर्ट रहा ओवरब्रिज के लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान खम्हारडीह-कचना रोड पर ट्रैफिक डायवर्ट रहा। अनुपम नगर से कचना जाने वाले वाहन श्रीराम नगर ओवरब्रिज और बीएसएनएल ऑफिस वाले रास्ते से गए। वहीं कचना से खम्हारडीह आने वाले वाहन भी इसी रूट से होकर निकले। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, पीडब्ल्यूडी मंत्री अरुण साव, विधायक और स्थानीय पार्षद शामिल हुए। …………………….. रायपुर ओवरब्रिज से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… 313 करोड़ के एक्सप्रेस-वे निर्माण में बड़ी गड़बड़ी:बिना सरिया के ढाल दिया कंक्रीट का स्लैब, बड़ा हिस्सा टूटकर गिरा रायपुर में एक्सप्रेस-वे निर्माण में बड़ी गड़बड़ी सामने आई थी। 2 महीने पहले निर्माण के दौरान कंक्रीट का स्लैब पर्याप्त लोहे के सरिया के बिना ही ढाल दिया गया था। अफसरों को स्लैब में 75 एमएम कवर करना था, लेकिन बिना कवर किए ही स्लैब ढाल दिया गया। पढ़ें पूरी खबर

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *