10 मई को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों से वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए डीजल-पेट्रोल का संयमित उपयोग करने, मेट्रो और दूसरे पब्लिक ट्रांसपोर्ट का उपयोग करने, कार पूलिंग जैसी अपील की थी। पीएम मोदी की अपील पर सीएम डॉ. मोहन यादव ने अपने काफिले में से 5 वाहन कम कर दिए। दोनों डिप्टी सीएम सहित राज्य सरकार के कई मंत्रियों ने अपने काफिले में गाड़ियां कम कर दीं। इसके बावजूद दर्जा प्राप्त मंत्री और दूसरे बीजेपी के जिम्मेदार नेता वाहनों की रैलियां निकाल रहे हैं। पीएम की अपील के बाद भी करीब 8 जगहों से ऐसी तस्वीरें सामने आई हैं, जिनमें नेता वाहनों का काफिला साथ लेकर चल रहे हैं। भोपाल से दिल्ली तक हंगामा मचा तो भिंड जिला किसान मोर्चा को जिला अध्यक्ष पद से हटा दिया। वहीं पाठ्यपुस्तक निगम के अध्यक्ष सौभाग्य सिंह ठाकुर को कारण बताओ नोटिस जारी कर उनके अधिकार छीन लिए गए। दैनिक भास्कर दिखा रहा है ऐसे 8 मामले जो पीएम मोदी की अपील के बाद सामने आए हैं। इन पर हुई कार्रवाई 1. सज्जन सिंह यादव: बग्घी पर सवार होकर पहुंचे थे किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष 24 अप्रैल को बीजेपी किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा ने सज्जन सिंह यादव को भिंड किसान मोर्चा का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया था। सज्जन सिंह यादव बुधवार को भिंड में वाहनों के काफिले के साथ पहुंचे। करीब सौ वाहनों के काफिले में सज्जन सिंह यादव यादव बग्घी पर सवार नजर आए। मामला प्रदेश नेतृत्व तक पहुंचा तो उन्हें पद से हटा दिया गया। किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बोले: अवहेलना हुई इसलिए नियुक्ति रद्द किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा ने कहा कि विभिन्न समाचार पत्रों और सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी मिली कि ग्वालियर से भिंड तक हमारे किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष वाहनों का काफिला लेकर भिंड कार्यालय तक पहुंचे थे। हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जब देशवासियों से अपील की है कि ईंधन की बचत की जाए। किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष से गलती हुई है इसलिए हमारे प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के निर्देशानुसार उनकी नियुक्ति निरस्त की गई है। अनुशासन सर्वोपरि है। हमारी पार्टी के अनुशासन से दूसरे दल सीख लेते हैं। 2. सौभाग्य सिंह: 700 वाहनों का काफिला निकाला, अधिकार छीने 11 मई को मप्र पाठ्यपुस्तक निगम के अध्यक्ष सौभाग्य सिंह ठाकुर करीब 700 गाड़ियों का काफिला लेकर उज्जैन से भोपाल पहुंचे। इस दौरान काफिले की वजह से उज्जैन भोपाल के बीच घंटों जाम लगा रहा और गाड़ियां रेंगती नजर आईं। मीडिया में खबरें आने के बाद सौभाग्य सिंह को मुख्यमंत्री कार्यालय से गुरुवार शाम को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। इसमें उनके कुछ अधिकार कम कर दिए गए। सौभाग्य से सिर्फ लिखित में स्पष्टीकरण मांगा है। अब देखिए जिन पर कोई बड़ा एक्शन नहीं 1. प्रीतम लोधी: 200 गाड़ियों से मंदिर पहुंचे शिवपुरी जिले की पिछोर सीट से बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी मंगलवार 12 मई को करैरा के बगीचा सरकार पहुंचे। प्रीतम दो सौ गाड़ियों के काफिले के साथ करैरा के बगीचा सरकार में चल रहे विवाद को लेकर संत समाज से मुलाकात की। पीएम मोदी की अपील के बावजूद दौ सौ गाड़ियों का काफिला लेकर चलने वाले विधायक पर पार्टी ने कोई एक्शन नहीं लिया। 2. टिकेंद्र प्रताप सिंह: किसान मोर्चा अध्यक्ष के साथ 250 वाहनों का काफिला मंगलवार को देवास भाजपा किसान मोर्चा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष टिकेंद्र प्रताप सिंह रैली निकालकर देवास भाजपा कार्यालय पहुंचे। काफिले में 60 से 70 कारें शामिल थीं। जिले के विभिन्न गांवों से काफिला गुजरा और देवास पहुंचा। कार्यालय में जिलाध्यक्ष से लेकर जिला प्रभारी और विधायक तक शामिल हुए। किसी ने भी पीएम की अपील पर ध्यान नहीं दिया। टिकेन्द्र प्रताप सिंह ने खुद स्वीकारा कि उनके काफिले में करीब 250 गाडियां थीं, लेकिन ज्यादातर वाहन हाटपिपल्या से वापस लौट गए। टिकेन्द्र से कोई सवाल-जवाब नहीं हुए। 3. पवन पाटीदार: 24 गाड़ियों के काफिले से चले ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष बीजेपी ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार चंबल के दौरे पर पहुंचे तो ग्वालियर से ही वे दो दर्जन वाहनों के काफिले से चंबल क्षेत्र के दौरे पर निकले। पीएम मोदी की नसीहत का ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पर असर नजर नहीं आया। पाटीदार थार में सवार होकर ग्वालियर नगर में वाहनों के काफिले के साथ स्वागत कराते दिखे। 4. वीरेंद्र गोयल: सिंगरौली विकास प्राधिकरण अध्यक्ष ने निकाली रैली गुरुवार को सिंगरौली पहुंचे सिंगरौली विकास प्राधिकरण के नवनियुक्त अध्यक्ष वीरेन्द्र गोयल खुद तो ई-रिक्शे में बैठे मगर उनके पीछे 30 से ज्यादा गाड़ियां चलती दिखीं। एमपी कांग्रेस ने वीडियो शेयर कर लिखा- प्रधानमंत्री दो गाड़ी में और प्राधिकरण अध्यक्ष काफिले में। झांकीबाजी की आदत भाजपाइयों से छूट नहीं रही। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के आव्हान को धत्ता बताकर सिंगरोली विकास प्राधिकरण अध्यक्ष वीरेंद्र गोयल ने जमकर झांकीबाजी और प्रदर्शन किया। देश का क्या है, चिंता फिर कर लेंगे, पहले नेताजी अपनी झांकीबाजी तो करें। 5. रेखा यादव: लग्जरी गाड़ियों का काफिला निकला छतरपुर में महिला आयोग अध्यक्ष रेखा यादव ने सैकड़ों गाड़ियों का काफिला निकाला। भाजपा कार्यालय के सामने सड़क पर लंबी कतार लगने से ट्रैफिक जाम हो गया। ट्रैफिक जाम से राहगीर परेशान होते रहे। लग्जरी गाड़ियां काफी देर तक सड़क से नहीं हटीं। राहगीरों में नाराजगी दिखी। 6. सत्येंद्र भूषण सिंह: खुद ई-रिक्शा में पीछे चलता रहा काफिला मध्य प्रदेश लघु उद्योग निगम के नवनियुक्त अध्यक्ष सत्येंद्र भूषण सिंह ई-रिक्शा से पदभार ग्रहण करने पहुंचे। हालांकि, उनके समर्थकों का कार और बाइक काफिला साथ-साथ चलता नजर आया। समर्थकों की लंबी लाइन थी। 7. राकेश सिंह जादौन: ई-रिक्शा से आए, बाकी की जानकारी उन्हें नहीं मध्य प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के उपाध्यक्ष राकेश सिंह जादौन भी ई-रिक्शा से भाजपा कार्यालय पहुंचे। उन्होंने कहा कि वे केवल तीन लोगों के साथ आए थे, बाकी लोग किस वाहन से पहुंचे, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। बताया जा रहा है कि इनका काफिला भी पीछे आया है। एक तस्वीर यह भी…बस से पचोर पहुंचे मंत्री टेटवाल मप्र के तकनीकी शिक्षा मंत्री गौतम टेटवाल गुरुवार को 30 किमी बस में बैठकर पचोर पहुंचे। पचोर में बीते दिनों पेट्रोल पंप में आग लगने से बलराम गुर्जर की मौत हो गई थी। मंत्री टेटवाल सारंगपुर से बस में बैठकर पचोर पहुंचे। फिर पचोर में बस से उतरकर ई-स्कूटी के जरिए वार्ड क्रमांक 12 स्थित बलराम गुर्जर के घर पहुंचे। यहां उन्होंने मृतक बलराम के परिजनों से मुलाकात कर संवेदनाएं व्यक्त कीं। मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सहायता कोष से मृतक परिवार को 4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी जा रही है, जो जल्द प्रशासन के माध्यम से पहुंच जाएगी। दो कार्रवाई, एक नियुक्ति निरस्त, एक नोटिस ये खबर भी पढ़ें…. VIP काफिलों पर ब्रेक, CM घटाएंगे गाड़ियां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पेट्रोल-डीजल का कम उपयोग करने की अपील के बाद मध्यप्रदेश सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। प्रदेश में अब मंत्रियों और वीआईपी काफिलों में गाड़ियों की संख्या सीमित की जाएगी। साथ ही सरकारी दौरों और भ्रमण के दौरान रैलियों पर भी रोक रहेगी।पूरी खबर पढ़ें
8 जगह निकली रैली, जिलाध्यक्ष नपे, सौभाग्य के अधिकार छीने:विधायक प्रीतम लोधी 200 वाहन लेकर चले; ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष का भी निकला काफिला


