Rajsamand Panchayat Chunav 2026: जिला परिषद के 13 और पंचायत समिति के 81 वार्डों में पहले चरण का चुनाव कल, मैदान में 192 उम्मीदवार

Rajsamand Panchayat Chunav 2026: जिला परिषद के 13 और पंचायत समिति के 81 वार्डों में पहले चरण का चुनाव कल, मैदान में 192 उम्मीदवार

राजसमंद। पंचायती राज चुनाव के पहले चरण में गुरुवार को राजसमंद जिले की पांच पंचायत समितियों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान होगा। कुंभलगढ़, खमनोर, आमेट, चारभुजा और देलवाड़ा में होने वाले चुनाव में 3 लाख 65 हजार 313 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। जिला परिषद के 13 और पंचायत समिति के 81 वार्डों के लिए कुल 192 प्रत्याशी मैदान में हैं। मतदान के साथ ही इन सभी उम्मीदवारों का राजनीतिक भविष्य ईवीएम में दर्ज हो जाएगा।

चुनाव प्रचार के अंतिम दिन प्रत्याशियों ने मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी। अब फैसला मतदाताओं के हाथ में है। प्रशासन ने मतदान की तैयारियां पूरी कर ली हैं। बुधवार को राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में मतदान दलों को अंतिम प्रशिक्षण देने के साथ निर्वाचन सामग्री वितरित की गई। इसके बाद दलों को उनके आवंटित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया।

इस चुनाव में मतदानकर्मियों की जिम्मेदारी जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के मतदान तक ही सीमित नहीं रहेगी। उन्हें संबंधित ग्राम पंचायतों में पंच और सरपंच चुनाव की प्रक्रिया भी संपन्न करानी होगी। जिले की 133 ग्राम पंचायतों के कुल 1155 वार्ड इस चुनावी प्रक्रिया में शामिल हैं। मतदान के लिए 428 केंद्र निर्धारित किए गए हैं।

3.65 लाख मतदाता करेंगे मतदान

पहले चरण में पांच पंचायत समितियों के 94 वार्डों में चुनाव होंगे। इनमें जिला परिषद के 13 और पंचायत समिति के 81 वार्ड शामिल हैं। कुल 3,65,313 मतदाताओं में 1,76,070 महिलाएं और 1,89,243 पुरुष मतदाता हैं। सभी मतदान केंद्रों पर सुबह निर्धारित समय के अनुसार मतदान कराया जाएगा।

192 प्रत्याशियों की किस्मत दांव पर

पांच पंचायत समितियों में सदस्य पद के लिए 150 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, जबकि जिला परिषद के 13 वार्डों के लिए 42 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इस तरह कुल 192 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला है। पंचायत समिति स्तर पर आमेट में 41, चारभुजा में 31, देलवाड़ा में 34, खमनोर में 44 और कुंभलगढ़ में 43 प्रत्याशी मैदान में हैं।

जिला परिषद के लिए वार्ड संख्या 1 से 10 और 20 से 22 तक मतदान होगा। इन सीटों पर अलग-अलग राजनीतिक दलों और निर्दलीय प्रत्याशियों के बीच मुकाबला है। मतदाता जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य, दोनों पदों के लिए अपना मत देंगे।

2140 मतदानकर्मियों की ड्यूटी

मतदान प्रक्रिया को व्यवस्थित और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए 2140 मतदानकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा पंचायत समिति सदस्य चुनाव के लिए 171 कार्मिक रिजर्व में रखे गए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत व्यवस्था की जा सके। राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में मतदान दलों को आवंटित केंद्रों के अनुसार निर्वाचन सामग्री सौंपी गई। प्रशिक्षण के दौरान मतदान प्रक्रिया और निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई। प्रशासन का जोर मतदान केंद्रों पर जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने और प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से पूरा कराने पर है।

पंचायत समिति वार मतदाताओं की संख्या

पंचायत समिति महिला मतदाता पुरुष मतदाता कुल मतदाता
आमेट 39,710 42,311 82,021
कुंभलगढ़ 28,595 31,225 59,820
चारभुजा 30,848 33,231 64,079
खमनोर 47,395 50,829 98,224
देलवाड़ा 29,522 31,647 61,170
कुल 1,76,070 1,89,243 3,65,313

कहां कितने मतदान केंद्र?

पंचायत समिति मतदान केंद्र
आमेट 109
कुंभलगढ़ 69
चारभुजा 74
खमनोर 111
देलवाड़ा 65
कुल 428

जिला परिषद में कहां कितने वार्ड?

क्षेत्र जिला परिषद वार्ड
आमेट 3
कुंभलगढ़ 2
चारभुजा 2
खमनोर 3
देलवाड़ा 3
कुल 13

यह वीडियो भी देखें :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *