कैथल जिले के राजौंद में नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा से संबद्ध सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर बुधवार को राजौंद नगर पालिका के कर्मचारियों ने हड़ताल कर नगर पालिका गेट पर धरना-प्रदर्शन किया। जिसकी अध्यक्षता ब्लॉक प्रधान संदीप कुमार ने की, जबकि संचालन ब्लॉक सचिव रोहतास ने किया। हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों को संबोधित करते हुए संघ के राज्य मुख्य संगठनकर्ता और एसकेएस के जिला सचिव शिवचरण, एसकेएस ब्लॉक प्रधान राजकुमार कश्यप और ब्लॉक सचिव विनोद कुमार ने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा सफाई कर्मचारियों के साथ भेदभावपूर्ण नीति अपनाई जा रही है। सरकार ने नहीं की वेतन में बढ़ोत्तरी उन्होंने बताया कि नवंबर 2024 को जींद में महर्षि वाल्मीकि जी के प्रकट दिवस पर मुख्यमंत्री नायब सैनी और मंत्री कृष्ण बेदी ने ग्रामीण सफाई कर्मचारियों को 26 हजार रुपए और शहरी सफाई कर्मचारियों को 27 हजार रुपए वेतन देने की घोषणा की थी। हालांकि, कर्मचारियों के वेतन में अब तक कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। नेताओं ने यह भी कहा कि 8 फरवरी 2023 को सरकार ने आंदोलन के दबाव में पे-रोल पर कार्यरत कर्मचारियों को पक्का करने के लिए एक समिति बनाने का पत्र जारी किया था। लेकिन, भाजपा सरकार ने इसे आज तक पूरी तरह लागू नहीं होने दिया है और अपने 11 साल के कार्यकाल में एक भी सफाई या सीवर कर्मचारी को पक्का नहीं किया है। उन्होंने आगे कहा कि सफाई और फायर विभाग के कर्मचारी हड़ताल पर हैं।


