दौसा। दौसा जिले के लालसोट क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक अपनी मांग को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ गया। युवक करीब दो घंटे तक पानी की टंकी पर ही रहा। सूचना मिलने पर राहुवास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने करीब दो घंटे की समझाइश के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया। पुलिस ने उसे शांति भंग और राजकार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार ढोलावास गांव की ढाणी गाबल्या निवासी हरकेश मीणा ने एक शादीशुदा महिला से प्रेम विवाह किया था। युवक का कहना है कि उसने महिला से आर्य समाज में शादी की थी। दोनों के बीच कुछ समय तक सब ठीक रहा, लेकिन बाद में महिला अपने पुराने ससुराल लौट गई। अब महिला उसे झूठे केस में फंसाना चाहती है। युवक का कहना है कि वह इस पूरे मामले में न्याय चाहता है। इसी मांग को लेकर वह गुरुवार को राहुवास इलाके में पानी की टंकी पर चढ़ गया। युवक के टंकी पर चढ़ने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। आसपास लोगों की भीड़ भी जमा हो गई।

ससुराल वालों के दबाव में आकर झूठा केस दर्ज कराया
युवक ने बताया कि महिला की पहले एक गांव में शादी हुई थी। बाद में उसकी महिला से दोस्ती हो गई। इसके बाद दोनों को एक-दूसरे से प्यार हो गया और दोनों ने शादी कर ली। लेकिन, अब महिला ससुराल लौटने के बाद उसे झूठे केस में फंसाना चाहती है। युवक ने आरोप लगाया कि महिला पर उसके ससुराल वाले दबाव बना रहे है। जिसके चलते उसके खिलाफ झूठा केस दर्ज करवाया गया है।
युवक ने शादीशुदा महिला से किया था प्रेम विवाह
थानाधिकारी सुरेश कुमार मीना ने बताया कि हरकेश के एक शादीशुदा महिला से प्रेम संबंध थे और दोनों ने आर्य समाज मंदिर में विवाह किया था। दो-तीन महीने बाद महिला अपने पुराने ससुराल लौट गई। बाद में महिला ने नांगल राजावतान थाने में हरकेश के खिलाफ मामला दर्ज कराया। हरकेश का आरोप था कि उसके खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज कराए जा रहे हैं। इसी के चलते वह टंकी पर चढ़ गया। पुलिस ने उसे शांति भंग और राजकार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
पुलिस की चेतावनी
थानाधिकारी ने कहा कि मांगों को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ना कानूनन अपराध है। ऐसा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े आरोपों और विवाद के सभी पहलुओं की जांच की जाएगी। इसके आधार पर आगे आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

