PUSU Election 2026: तेज प्रताप के प्रत्याशी रिंकल यादव को टांगकर ले गई पुलिस, बैलेट पेपर को लेकर हाई-वोल्टेज ड्रामा

PUSU Election 2026: तेज प्रताप के प्रत्याशी रिंकल यादव को टांगकर ले गई पुलिस, बैलेट पेपर को लेकर हाई-वोल्टेज ड्रामा

PUSU Election 2026: पटना यूनिवर्सिटी छात्र संघ चुनाव के दौरान पटना कॉलेज कैंपस में भारी हंगामा हुआ। पुलिस ने अध्यक्ष पद के प्रत्याशी रिंकल यादव को हिरासत में ले लिया। 

PUSU Election 2026: पटना यूनिवर्सिटी छात्र संघ चुनाव के लिए आज (28 फरवरी) वोटिंग के दौरान पटना कॉलेज में जबरदस्त हंगामा हुआ। लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव की पार्टी जनशक्ति जनता दल (JJD) से समर्थित अध्यक्ष पद के उम्मीदवार रिंकल यादव और पुलिस के बीच तीखी बहस हो गई। मामला इतना बिगड़ गया कि पुलिस को रिंकल यादव को हिरासत में लेना पड़ा। विरोध में छात्रों ने पहले कैंपस में नारे लगाए और फिर पीरबहोर पुलिस स्टेशन के बाहर जमा होकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

बैलेट पेपर पर नाम बदलने का आरोप

हंगामे की मुख्य वजह बैलेट पेपर पर नाम को लेकर विवाद है। रिंकल यादव और उनके समर्थकों का आरोप है कि नॉमिनेशन के समय और पूरे चुनाव कैंपेन के दौरान कैंडिडेट का नाम रिंकल यादवथा। लेकिन, वोटिंग के समय बैलेट पेपर में उनका नाम बदलकर रिंकल कुमार या रिंकू यादव कर दिया गया। छात्रों का कहना है कि यह वोटर्स को गुमराह करने और रिंकल के संघर्ष को कमजोर करने की एक सोची-समझी साजिश है।

टांग कर ले गई पुलिस

जब रिंकल यादव ने इस गड़बड़ी का विरोध किया और पोलिंग रोकने की कोशिश की, तो पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेने की कोशिश की। उन्होंने गाड़ी में बैठने से मना कर दिया, जिससे पुलिस ने उनके हाथ-पैर पकड़कर उन्हें टांग कर जबरदस्ती पुलिस वैन में डाल दिया। समर्थकों ने पुलिस की गाड़ी रोकने की कोशिश की और VC मुर्दाबाद और पटना यूनिवर्सिटी एडमिनिस्ट्रेशन मुर्दाबाद के नारे लगाए। कई छात्र VC के ऑफिस के गेट के सामने लेट गए, जिससे मामला और बिगड़ गया।

जब पुलिस रिंकल यादव को ले जा रही थी, तो उन्होंने चिल्लाते हुए कहा, “यह प्रशासन की साज़िश है। हमारे एजेंटों को धमकाने के लिए गुंडे भेजे जा रहे हैं। मैं अपनी आखिरी सांस तक यूनिवर्सिटी में चल रहे दलाली सिस्टम के खिलाफ लड़ता रहूंगा।” तेज प्रताप की पार्टी, जनशक्ति जनता दल ने खुले तौर पर रिंकल यादव का समर्थन किया है और उनकी गिरफ्तारी को लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन बताया है।

आज देर रात नतीजे घोषित किए जाएंगे

पटना यूनिवर्सिटी छात्र संघ चुनाव के लिए आज वोटिंग हो रही है। रिंकल यादव समेत ग्यारह उम्मीदवार प्रेसिडेंट पद के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। वोटिंग दोपहर 2:30 बजे तक होगी। काउंटिंग आज शाम 4:00 बजे आर्ट्स कॉलेज में शुरू होगी, और आज देर रात तक नतीजे आने की उम्मीद है।

  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *