फर्रुखाबाद में बनी सड़क उखाड़ने पर विरोध:विकास मंच जिलाध्यक्ष ने काम रुकवाया, ईओ बोले- मामले की नहीं है जानकारी

फर्रुखाबाद नगर पालिका परिषद द्वारा पलरिया चौराहे से नवाब दिलावर जंग तक सड़क निर्माण का टेंडर जारी किया गया था। बुधवार को जब इस सड़क पर काम शुरू हुआ और ईंटें उखाड़ी जाने लगीं, तो स्थानीय निवासियों और फर्रुखाबाद विकास मंच ने इसका विरोध किया। विरोध के बाद सड़क निर्माण कार्य रोक दिया गया। मोहल्ले के कुछ लोगों का कहना था कि सड़क पहले से ही सही बनी हुई है और केवल नाली के रखरखाव की आवश्यकता है। इस दौरान फर्रुखाबाद विकास मंच के जिलाध्यक्ष भईयन मिश्रा को मौके पर बुलाया गया। वे अपने कई समर्थकों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। नगर पालिका द्वारा 130 मीटर लंबी इस सड़क के लिए 10 लाख रुपये का टेंडर जारी किया गया था। भईयन मिश्रा ने आरोप लगाया कि नगर पालिका भ्रष्टाचार का अड्डा बन गई है। उन्होंने कहा कि बनी-बनाई सड़कों पर फिर से काम किया जा रहा है, जबकि शहर में कई ऐसी गलियां और सड़कें हैं जहां वास्तव में कार्य की आवश्यकता है, लेकिन वहां काम नहीं कराया जा रहा है। मिश्रा ने आगे कहा कि ऐसे कार्य किए जा रहे हैं जिनमें नाम मात्र का काम हो और बिना काम के लाखों रुपये निकाले जा सकें। उन्होंने मुख्यमंत्री से भ्रष्टाचार की शिकायत करने और शासन स्तर पर नगर पालिका द्वारा सरकारी धन के दुरुपयोग की जानकारी देने की बात कही। उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की कि वे अपने स्तर से एक टीम गठित कर नगर पालिका के चल रहे कार्यों का निरीक्षण करें और जांच करें कि जो सड़कें पहले से अच्छी बनी हुई थीं, उन्हें दोबारा बनाने की क्या आवश्यकता थी। इस दौरान मौके पर निशित दुबे उर्फ नीशू (पूर्व सभासद), आलोक मिश्रा भूरे, अंगद पांडे उर्फ कोमल पांडे, ओम निवास पाठक, सनी बाथम, विशाल कश्यप सहित कई लोग उपस्थित रहे। मोहल्ले के निवासी रफीक ने बताया यहां सड़क करीब 15 वर्ष पूर्व बनी थी। नाली टूट गई है गड्ढे हो गए हैं आए दिन ई रिक्शा गिर जाता है। सड़क का निर्माण यहां होना जरूरी है। तौफीक ने बताया सड़क निर्माण होना जरूरी है काफी लंबे समय से सड़क का निर्माण नहीं हुआ है आए दिन ई रिक्शा गिर जाते हैं समस्या बनी रहती है। मामले को लेकर ईओ नगर पालिका विनोद कुमार ने बताया किसी भी सड़क का प्रस्ताव बोर्ड में रखा जाता है इसके बाद टेंडर की प्रक्रिया होती है। वहां क्या विवाद हुआ मामले की जानकारी नहीं है। फिर भी मामले को दिखवाया जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *