MP News: मध्य प्रदेश की राजधानी में आज मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में भाजपा की जन आक्रोश महिला पदयात्रा कार्यक्रम (Jan Aakrosh Mahila Padyatra) किया गया। सीएम खुद पार्टी पदाधिकारियों और महिलाओं के साथ सड़क पर उतरे। इस दौरान गांव-गांव से हजारों महिलाएं भी यहां पहुंचीं। कार्यक्रम में विख्यात गायिका अंबिका जैन अंबर भी शामिल हुई जहां उन्होंने भी मंच से महिलाओं को अपने अधिकारियों के लिए जागरूक किया। सीएम मोहन यादव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा- महिला आरक्षण बिल न पास होने पर कांग्रेस ने उसका मजाक उड़ाया।

सीएम ने प्रियंका गांधी पर साधा निशाना
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम मोहन यादव (CM Mohan Yadav) ने कहा कि कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी को शर्म आनी चाहिए। प्रियंका बड़ी-बड़ी बातें करती थीं, कहती थीं मैं लड़की हूं, लड़ सकती हूं। अब उनकी ये बड़ी-बड़ी बातें कहां गईं, जब बहनों के अधिकार का उन्होंने गला घोंट दिया। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस ने आजादी के समय शुरू की अपनी परंपरा को निभाया। प्रियंका-राहुल के पिता ने भी तीन तलाक के कानून को लेकर बहनों के अधिकार पर डाका डाला था।’
आग को बुझने नहीं देना है- सीएम
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ये जो आपके अंदर की आग है, अपने हक की आग है, इसे बुझने नहीं देना है। कांग्रेस और उसके साथी विपक्षी दलों ने बहनों के हक पर डाका डाला है। वे अपने मंसूबों में कभी कामयाब नहीं हो सकते। उन्होंने आगे कहा कि भारत में बहनों के हक के लिए भाइयों ने सदैव लड़ाइयां लड़ीं है। राजा राम मोहन राय ने सती प्रथा के खिलाफ लड़ाई शुरू की। ज्योतिबा फुले ने नारी समानता के लिए लड़ाई लड़ी। डॉ. भीमराव अंबेडकर ने बहनों को अधिकार दिलाने के लिए लड़ाई शुरू की।
विपक्ष ने आधी आबादी का गला घोटा, सीएम ने लगाया आरोप
सीएम ने इस दौरान विपक्षी नेताओं पर बड़े आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि देश की आधी आबादी की इच्छा का गला घोंटने वालों आपको कब्र से निकालकर सजा दी जाएगी। आपने बहनों के साथ अन्याय किया है। आपको ये बहनें माफ नहीं करेंगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ‘आज भोपाल से पदयात्रा निकल रही है। इस आक्रोश को पूरे देश के सामने लाना है। बहनों ने अक्षय तृतीया पर यहां आकर लोकतांत्रिक मार्ग को अपनाया है। हमारी सरकार बहनों के निर्णय के साथ खड़ी है। हर जगह निंदा प्रस्ताव पारित करेंगे। विधानसभा का विशेष सत्र बुलाकर निंदा करेंगे।’
विपक्ष की जितनी आलोचना करें, उतनी कम- खंडेलवाल
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भी महिलाओं को संबोधित किया। उन्होंने भी विपक्ष की जमकर आलोचना की। खंडेलवाल ने कहा कि महिला आरक्षण बिल राजनीतिक मुद्दा नहीं था, यह बहनों का अधिकार था। विपक्ष ने इसका समर्थन नहीं किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने कुठाराघात किया। नारी शक्ति का योगदान भारत के इतिहास में दर्ज है। आज हम विपक्ष की जितनी आलोचना करें, उतनी कम है। विपक्ष ने संवेदनहीनता का स्वभाव बना लिया है। यह बदलाव की आंधी है। (MP News)




