राजगढ़ जिले में मिलावटी दुग्ध उत्पादों के खिलाफ पुलिस प्रशासन ने शुक्रवार को कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के निर्देश पर एसपी की विशेष टीम ने शिवधाम और पुरा क्षेत्र की कई दूध डेयरियों पर दबिश दी। सायबर सेल प्रभारी जितेंद्र अजनारे के नेतृत्व में पहुंची टीम ने डेयरियों की गहन जांच की। टीम ने दूध, दही सहित विभिन्न दुग्ध उत्पादों के सैंपल एकत्र किए। इस अचानक हुई कार्रवाई से पूरे क्षेत्र के डेयरी संचालकों में हड़कंप मच गया। खाद्य अधिकारी जेएस खत्री भी मौके पर पहुंचे
सूत्रों के अनुसार, लंबे समय से खाद्य एवं औषधि विभाग द्वारा इस क्षेत्र में प्रभावी जांच नहीं की जा रही थी। इसी कारण पुलिस की यह कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है। पुलिस टीम के पहुंचते ही कई डेयरियों में गतिविधियां तेज हो गईं और संचालक सतर्क हो गए। पुलिस टीम ने मौके पर ही प्रारंभिक जांच कर संदिग्ध पाए गए दुग्ध उत्पादों को सुरक्षित किया। कार्रवाई की सूचना मिलते ही खाद्य अधिकारी जेएस खत्री भी मौके पर पहुंचे। इसके बाद खाद्य एवं औषधि विभाग की टीम ने नियमानुसार दूध, दही और अन्य उत्पादों के सैंपल लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे। गड़बड़ी मिली तो सख्त कार्रवाई की उम्मीद
प्रशासनिक सूत्रों ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित डेयरी संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस संयुक्त कार्रवाई को मिलावटखोरी पर प्रशासन की सख्ती और अन्य कारोबारियों के लिए एक चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है।


