वाराणसी में सड़कों और चाैराहों पर ध्वस्त यातायात व्यवस्था ने अफसरों की नींद उड़ा दी है। शहर के पांडेपुर और चौकाघाट समेत प्रमुख इलाकों में जाम के झाम ने यातायात में दुश्वारियां खड़ी कर दी हैं। शिकायतों के बीच पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने मंगलवार रात पुलिस फोर्स के साथ चक्रमण किया। सीपी ने एडीशनरल सीपी और डीसीपी समेत तमाम अफसरों को साथ लेकर प्रमुख मार्गों का भ्रमण किया। आशापुर चौराहा-पाण्डेयपुर चौराहा-चौकाघाट तक यातायात संचालन की स्थिति का लगभग 12 किमी पैदल गश्त करते हुए निरीक्षण किया गया। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए निर्देश देते हुए बिना नंबर प्लेट, रांग साइड चलने एवं तीन सवारी जैसे यातायात नियमों के उल्लंघन पर विशेष कार्रवाई की बात कही। सीपी ने थानेदारों को अल्टीमेटम दिया कि जिस थाना क्षेत्र में अतिक्रमण पाया जाएगा, उसकी पूर्ण जिम्मेदारी संबंधित थाना प्रभारी एवं चौकी प्रभारी की होगी तथा तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। सड़कों पर अवैध ऑटो रिक्शा स्टैंडों को चिन्हित कर तत्काल हटाने एवं व्यवस्थित पार्किंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे सड़कों पर अव्यवस्था समाप्त हो। वहीं ठेला-खुमचा लगाकर सड़क अवरुद्ध कर यातायात प्रभावित करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की बात कही। विभिन्न बाजारों या मुख्य मार्ग के किनारे दुकानदारों सड़क पर किए गए अतिक्रमण को हटाते हुए उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए, जिससे यातायात बाधारहित एवं सुचारू रूप से संचालित हो सके उसे पूरी तरह से अमल में लाया जाए। इस दौरान अपर पुलिस आयुक्त अपराध आलोक प्रियदर्शी, अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त वरूणा जोन प्रमोद कुमार, अपर पुलिस उपायुक्त वरूणा जोन लिपि नागयाच, पुलिस उपायुक्त यातायात अनिल यादव, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन वैभव बांगर, अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अंशुमान मिश्र तथा संबंधित सहायक पुलिस उपायुक्त व थाना प्रभारी सहित पुलिस बल समेत उपस्थित रहे।


