आग लगने के बाद कार से टकराई बाइक:अलीगढ़ के जेएन मेडिकल कॉलेज में मां–बेटी की मौत, युवक की हालत गंभीर

आग लगने के बाद कार से टकराई बाइक:अलीगढ़ के जेएन मेडिकल कॉलेज में मां–बेटी की मौत, युवक की हालत गंभीर

अलीगढ़-मुरादाबाद हाईवे पर मंगलवार दोपहर तीन बजे एक चलती बाइक में आग लग गई। हड़बड़ाहट में बाइक चला रहा युवक प्रशांत (18) नियंत्रण खो बैठा और बाइक आगे जा रहे कैंटर से टकराने के बाद सामने से आ रही कार से टकरा गई। हादसे के बाद घायलों को एंबुलेंस से जेएन मेडिकल कॉलेज भर्ती कराया गया। जहां पर देर रात उपचार के दौरान में प्रशांत की मां गुड्डी देवी (50) और बहन रूपेश (20) की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल प्रशांत का उपचार चल रहा है। बहन का अल्ट्रासाउंड कराने जा रहा था युवक थाना जवां के गांव पिलौना निवासी प्रशांत पुत्र निर्मल सिंह मंगलवार को बाइक से बहन का अल्ट्रासाउंड कराने अलीगढ़ जा रहे थे। बाइक पर उनकी मां गुड्‌डी देवी भी बैठी हुई थीं। कस्बा जवां के मुरादाबाद हाईवे पर स्थित बंबा के पुल पर पहुंचते ही बाइक से चिंगारी उठने लगी। प्रशांत को इसकी जानकारी बराबर से गुजर रहे दूसरे वाहन सवार ने दी। हड़बड़ाहट में अचानक लगाया ब्रेक बाइक में आग की जानकारी मिलते ही प्रशांत ने हड़बड़ाहट में अचानक ब्रेक लगा दिया। इससे बाइक अनियंत्रित होकर कैंटर से टकराने के बाद छतारी की तरफ से आ रही कार से टकरा गई। कार से टकराने के बाद तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए और बाइक धू–धूकर जलने लगी। घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया हादसा होते ही वहां राहगीरों और आसपास के लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। इसी दौरान वहां एक 108 एंबुलेंस चालक पहुंच गया। वह एंबुलेंस में यूरिया डलवाने आया हुआ था। चालक ने सड़क पर तड़पते लोगों को देखते हुए बिना देरी किए तीनों को जेएन मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। जहां देर रात इलाज के दौरान गुड्डी देवी और रूपेश की मौत हो गई। 26 अप्रैल को होनी थी बहन की शादी निर्मल सिंह के तीन पुत्र व एक पुत्री है। बड़ा बेटे जितेंद्र की एक वर्ष पूर्व दुर्घटना में मौत हो गई थी। जितेंद्र का एक पुत्र तीन वर्ष व एक पुत्री छह माह की है। प्रशांत की बहन रूपेश की शादी 26 अप्रैल को गौरोली परला झाल के पास तय हो गई थी। परिवार वाले शादी की तैयारी में लगे हुए थे। निर्मल के सबसे छोटे पुत्र चेतन की उम्र 12 वर्ष है। शॉर्ट सर्किट से लगी आग थाना प्रभारी धीरज कुमार ने बताया कि बाइक में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका प्रतीत हो रही है। घायलों को तुरंत जेएन मेडिकल कॉलेज भर्ती कराया गया था। जहां देर रात इलाज के दौरान मां और बेटी की मौत हो गई है। वहीं, युवक का उपचार जारी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *