प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को पीएम-किसान योजना की 24वीं किस्त जारी की, जिसके तहत ओडिशा के 35.38 लाख किसानों सहित देशभर के 9.34 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में 18,690 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि हस्तांतरित की गई। अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री द्वारा गुजरात के बनासकांठा से जारी की गई इस किस्त के तहत ओडिशा के लाभार्थियों को 3,000 करोड़ रुपये मिले। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने भुवनेश्वर से डिजिटल माध्यम से कार्यक्रम में हिस्सा लिया और राज्यस्तरीय ‘पीएम-किसान उत्सव’ में लाभार्थी किसानों को संबोधित किया।
माझी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, किसानों का कल्याण और सशक्तीकरण हमारी सरकार की मूल प्रतिबद्धता है। आज भारत के माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा से ऑनलाइन कार्यक्रम के माध्यम से देशव्यापी ‘पीएम-किसान’ योजना की 24वीं किस्त जारी करने की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से राज्य के 35.38 लाख से अधिक किसानों के बैंक खातों में सीधे वित्तीय सहायता हस्तांतरित की गई।
माझी ने कहा, हमारे लिए किसान केवल खेती करने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि हमारा ‘अन्नदाता’ है। केंद्र की पीएम-किसान और राज्य की सीएम-किसान योजनाओं, 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान की खरीद, सुभद्रा योजना, ‘कृषि विद्यानिधि’ छात्रवृत्ति और ‘पीएम धन-धान्य कृषि योजना’ जैसी पहलों ने आज हमारी ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत किया है। माझी ने कहा कि उनकी सरकार राज्य के सभी 30 जिलों में मोटे अनाज की खेती को फिर से बढ़ावा देने के प्रयास कर रही है।
गंजाम और गजपति सहित कई जिलों में हाल में आई बाढ़ से फसलों को हुए नुकसान पर चिंता जताते हुए मुख्यमंत्री ने किसानों को आश्वासन दिया कि नुकसान के आकलन के आधार पर और मौजूदा नियमों के अनुसार प्रभावित परिवारों को सहायता दी जाएगी।

