चंडीगढ़ में पेट्रोल और डीजल की कीमतों ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। पिछले एक महीने के दौरान तीसरी बार ईंधन के दाम बढ़ाए गए हैं। शनिवार को फिर हुई बढ़ोतरी के बाद शहर में पेट्रोल 98 रुपए प्रति लीटर के पार पहुंच गया, जबकि डीजल भी 86 रुपए प्रति लीटर से ऊपर बिक रहा है। लगातार बढ़ती कीमतों का असर अब आम आदमी के बजट, ट्रांसपोर्ट और रोजमर्रा की जरूरतों पर साफ दिखाई देने लगा है। तेल कंपनियों ने इस बार पेट्रोल के दाम में करीब 87 पैसे और डीजल में 91 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। इससे पहले 15 मई और 19 मई को भी दाम बढ़ाए गए थे। यानी महज कुछ दिनों के भीतर तीसरी बार लोगों को महंगे ईंधन का झटका लगा है। चंडीगढ़ में वर्तमान में पेट्रोल करीब 98.12 रुपए प्रति लीटर और डीजल 86.09 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। 15 मई से पहले डीजल 82.45 रुपए प्रति लीटर था, जो अब लगभग 4 रुपए तक महंगा हो चुका है। पश्चिम एशिया तनाव का असर जानकारों के मुताबिक पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के कारण भारत में ईंधन महंगा हो रहा है। ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमतें 110 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंचने से तेल कंपनियों पर दबाव बढ़ा है। ट्रांसपोर्ट और महंगाई बढ़ने की आशंका पेट्रोल-डीजल महंगा होने का सीधा असर ट्रांसपोर्ट सेक्टर पर पड़ता है। शहर में टैक्सी, ऑटो और माल ढुलाई के किराए बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। सब्जियों, राशन और रोजमर्रा की चीजों के दाम भी बढ़ सकते हैं। व्यापारियों का कहना है कि लगातार बढ़ते फ्यूल रेट से माल ढुलाई की लागत बढ़ रही है।


