मंडला जिले के बिछिया में गुरुवार रात को आकाश ट्रेवल्स की एक यात्री बस के ब्रेक फेल हो गए। अनियंत्रित बस ढलान पर करीब आधा किलोमीटर तक उल्टी दिशा (रिवर्स) में दौड़ती रही। इसके बाद एक मोड़ पर बिजली की मुख्य लाइन के खंभे से टकरा गई। टक्कर के बाद बस सड़क किनारे स्थित एक गहरे गड्ढे में जाकर फंस गई। बस के अनियंत्रित होने से सड़क पर चल रहे वाहन चालकों और राहगीरों में हड़कंप मच गया। देखें दो तस्वीरें… साईं तिराहे के पास बेकाबू हुई जानकारी के अनुसार, रात करीब 8:30 बजे बस साईं तिराहे के पास अचानक बेकाबू हो गई थी। घटना के समय बस खाली थी, जिससे बड़ी जनहानि होने से बच गई। चालक ने घनी आवाजाही वाले मार्ग पर अन्य वाहनों और पैदल चल रहे लोगों को बचाने के लिए बस पर नियंत्रण रखने का प्रयास किया। बिजली लाइन और गड्ढे से टकराकर रुकी रिवर्स में दौड़ती हुई बस कल्याण आश्रम के समीप एक मोड़ पर बिजली की मुख्य लाइन के खंभे से टकरा गई। टक्कर के बाद बस सड़क किनारे स्थित एक गहरे गड्ढे में जाकर फंस गई, जिसके बाद उसकी रफ्तार रुकी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इस घटना के दौरान एक बाइक सवार को मामूली चोटें आई हैं। हादसे की जांच कर रही पुलिस बिछिया थाना प्रभारी रंजीत सैयाम ने बताया कि हादसा घुटास चौराहे के पास हुआ है। सूचना मिलने के बाद पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर यांत्रिक खराबी और लापरवाही के पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है।


