पैंथर की दस्तक, ग्रामीणों में खौफ, वन विभाग ने लगाया पिंजरा

पैंथर की दस्तक, ग्रामीणों में खौफ, वन विभाग ने लगाया पिंजरा

उदयपुर. घासा. मावली उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत घासा और आसपास के क्षेत्रों में पिछले कुछ दिनों से पैंथर के मूवमेंट ने ग्रामीणों की नींद उड़ा दी है। आबादी क्षेत्र में पैंथर की लगातार हलचल को देखते हुए शनिवार देर शाम वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और प्रभावित इलाके में पिंजरा लगाकर पैंथर को पकड़ने की कवायद शुरू की।

बस स्टैंड से लेकर पुराने पंचायत भवन तक मूवमेंट

जानकारी के अनुसार पैंथर को सबसे पहले बुधवार रात्रि को गांव के मुख्य बस स्टैंड के पास स्थित काली खान और पुराने पंचायत भवन के पास देखा गया था। इसके बाद से ही क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीण अंधेरा होने के बाद घरों से बाहर निकलने और खेतों में काम करने जाने से कतरा रहे हैं।

पुरावतों का खेड़ा में कार चालक ने बनाया वीडियो

एक ओर जहां वन विभाग घासा में पिंजरा लगाकर निगरानी कर रहा है, वहीं शनिवार रात को पास के ही पुरावतों का खेड़ा क्षेत्र में भी पैंथर को देखा गया। यहाँ से गुजर रहे एक कार चालक की नजर पैंथर पर पड़ी तो उसने अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया। ग्रामीणों का कहना है कि पैंथर की मौजूदगी अब एक से अधिक मोहल्लों में बनी हुई है।

ग्रामीणों में खौफ, मवेशियों पर हमले का डर

ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से पैंथर की आवाजाही रिहायशी बस्तियों के बेहद करीब हो गई है। इससे न केवल आमजन की सुरक्षा को खतरा पैदा हो गया है बल्कि पशुपालकों को अपने मवेशियों की भी चिंता सता रही है। मौके पर पहुंचे वन विभाग के कर्मचारियों ने ग्रामीणों से अपील की है कि घरों से बाहर निकलते वक्त सावधानी पूर्वक रहें और पैंथर दिखाई देने पर वन विभाग को सूचित करें।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *