व्हाइट हाउस के बाहर फायरिंग से दहशत, डोनाल्ड ट्रंप अंदर थे मौजूद; ईरान समझौते पर चल रही थी अहम वार्ता

व्हाइट हाउस के बाहर फायरिंग से दहशत, डोनाल्ड ट्रंप अंदर थे मौजूद; ईरान समझौते पर चल रही थी अहम वार्ता

White House gunshots: अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब व्हाइट हाउस के फायरिंग की आवाजें सुनाई दीं। घटना के बाद पूरे इलाके में भारी सुरक्षा अलर्ट घोषित कर दिया गया। पुलिस, सीक्रेट सर्विस तथा एफबीआई के अधिकारी बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। बताया गया कि घटना के समय अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस के भीतर मौजूद थे और ईरान को लेकर एक बड़े अंतरराष्ट्रीय समझौते पर चर्चा कर रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गोलियों जैसी तेज आवाजें सुनते ही व्हाइट हाउस परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत इलाके को सील कर दिया और मीडिया कर्मियों सहित वहां मौजूद लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।

फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) के निदेशक काश पटेल ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए गोलीबारी की घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि एफबीआई की टीम मौके पर मौजूद है और सीक्रेट सर्विस को सहायता प्रदान कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि मामले की जांच जारी है और जैसे-जैसे नई जानकारी सामने आएगी, उसे जनता के साथ साझा किया जाएगा।

हमलावर घायल अस्पताल ले जाया गया

उधर, रॉयटर्स के मुताबिक, व्हाइट हाउस के पास गोलीबारी करने वाला संदिग्ध हमलावर यूनाइटेड स्टेट्स सीक्रेट सर्विस के जवानों की जवाबी कार्रवाई घायल हो गया है। उसे अस्पताल ले जाया गया है।

ईरान समझौते पर डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा दावा

घटना से कुछ देर पहले राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया पर एक लंबा बयान जारी कर बताया था कि वे ओवल ऑफिस में कई मुस्लिम देशों के शीर्ष नेताओं के साथ ईरान को लेकर अहम बातचीत कर रहे हैं। ट्रंप के अनुसार सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, कतर, पाकिस्तान, तुर्किये, मिस्र, जॉर्डन और बहरीन के नेताओं के साथ उनकी बातचीत बेहद सकारात्मक रही।

donald trump

डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका और ईरान के बीच एक व्यापक समझौता लगभग तय हो चुका है। जल्द ही इसकी औपचारिक घोषणा की जा सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि इस समझौते के तहत होर्मुज स्ट्रेट को फिर से खोलने पर सहमति बन रही है। इसके अलावा डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से हुई बातचीत को भी बेहद सफल बताया।

फायरिंग की आवाज सुनते ही लोगों को हटाया गया

व्हाइट हाउस परिसर में मौजूद पत्रकारों ने घटना के दौरान दहशत भरे माहौल के बारे में बताया। एबीसी न्यूज की पत्रकार सेलिना वांग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर बताया कि वे व्हाइट हाउस के नॉर्थ लॉन में रिकॉर्डिंग कर रही थीं, तभी अचानक ‘दर्जनों गोलियों जैसी आवाजें’ सुनाई दीं।

उन्होंने लिखा कि सुरक्षा अधिकारियों ने तुरंत सभी मीडिया कर्मियों को दौड़कर प्रेस ब्रीफिंग रूम में जाने का निर्देश दिया। घटना के बाद व्हाइट हाउस के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। फिलहाल एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं और आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *