शाहजहांपुर में हिस्ट्रीशीटर आकिल खां का जन्मदिन मनाने के दौरान चलती कारों से स्टंट करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक कार भी जब्त की है। यह कार्रवाई स्टंट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद की गई। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मुजाहिद अली, मोनिस अली और यमन खां के रूप में हुई है। मुजाहिद अली मानुजई का निवासी है और हांडा सिटी कार चला रहा था, जबकि मदराखेल निवासी मोनिस अली वर्ना कार का चालक था। यमन खां जियाखेल का निवासी है। कारों से खतरनाक स्टंट किया था यह घटना 20 अप्रैल की रात सेहरामऊ दक्षिणी थाना क्षेत्र के एक देसी ढाबे पर हुई थी। चौक कोतवाली क्षेत्र के बर्कजई निवासी हिस्ट्रीशीटर आकिल खां का जन्मदिन मनाया जा रहा था। पार्टी में आकिल खां के कई दोस्त लग्जरी कारों से पहुंचे थे। जन्मदिन की पार्टी के बाद दोस्तों ने हाइवे पर कारों से खतरनाक स्टंट करना शुरू कर दिया। कुछ लोग सनरूफ से बाहर निकलकर वीडियो बना रहे थे, तो कुछ कार की खिड़कियों से लटककर सेल्फी ले रहे थे। इन स्टंट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। थाना प्रभारी उमेश मिश्रा ने बताया कि वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने संज्ञान लिया और कार व युवकों की पहचान शुरू की। पुलिस ने एक कार जब्त करने के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वायरल वीडियो में दिख रहे अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।


