गोंडा जिले में युवाओं को पढ़ाई के लिए एक नया और बेहतर माहौल देने की दिशा में अनोखी पहल शुरू हुई है। विकास भवन परिसर स्थित शक्ति कैफे में ‘अरगा ज्ञान गंज: चाय एंड चैप्टर्स’ कार्यक्रम के तहत लाइब्रेरी का उद्घाटन किया गया। अब यहां छात्र-छात्राएं सुरक्षित, शांत और सुविधाजनक वातावरण में बैठकर पढ़ाई कर सकेंगे। जिससे उनकी तैयारी को नई दिशा मिलेगी।
गोंडा जिले के विकास भवन परिसर में शुक्रवार को एक नई और सराहनीय पहल की शुरुआत हुई। यहां स्थित शक्ति कैफे में ‘अरगा ज्ञान गंज: चाय एंड चैप्टर्स’ कार्यक्रम के तहत लाइब्रेरी का शुभारंभ किया गया। इस पहल का उद्देश्य जिले के युवाओं को एक ऐसा स्थान उपलब्ध कराना है। जहां वे शांत और सुरक्षित माहौल में बैठकर अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित कर सकें। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में देवीपाटन मंडल की आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल मौजूद रहीं। उन्होंने फीता काटकर लाइब्रेरी का उद्घाटन किया। उन्होंने इस पहल की जमकर सराहना की। उनके साथ डीएम प्रियंका निरंजन और मुख्य विकास अधिकारी अंकिता जैन भी उपस्थित रहीं। इस दौरान हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। उन्हें मेडल, माला के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़ी किताबें, डायरी और पेन भेंट किए गए।
आयुक्त ने मेघावियों से अपनी ऊर्जा को सही राह में लगाने की अपील की
कार्यक्रम के दौरान आयुक्त ने छात्रों से संवाद करते हुए कहा कि “चाय की चुस्की के साथ ज्ञान की राह” जैसी पहलें समाज में सकारात्मक माहौल बनाती हैं। इससे युवाओं, खासकर महिलाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने छात्रों से अपनी ऊर्जा को सही दिशा में लगाने और अपने लक्ष्यों को हासिल करने के लिए लगातार मेहनत करने की अपील की।
लाइब्रेरी छात्रों के लिए एक बेहतर और अनुकूल वातावरण प्रदान करेगी
जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने बताया कि इस लाइब्रेरी के शुरू होने से छात्रों को आगे की पढ़ाई में काफी मदद मिलेगी। उन्होंने यह भी बताया कि शक्ति कैफे में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार पौष्टिक भोजन भी उपलब्ध है। जिससे छात्र पढ़ाई के साथ अपने स्वास्थ्य का भी ध्यान रख सकेंगे। वहीं, मुख्य विकास अधिकारी अंकिता जैन ने कहा कि यह लाइब्रेरी छात्रों के लिए एक बेहतर और अनुकूल वातावरण प्रदान करेगी। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित किया। इस पहल से अब गोंडा के युवाओं को न केवल पढ़ाई के लिए बेहतर जगह मिलेगी। बल्कि उन्हें आगे बढ़ने का एक मजबूत आधार भी मिलेगा।


