रूस में नौकरी दिलाने के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाला नटवरलाल कोलकाता एयरपोर्ट से गिरफ्तार, खुले कई राज

रूस में नौकरी दिलाने के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाला नटवरलाल कोलकाता एयरपोर्ट से गिरफ्तार, खुले कई राज

गोंडा में रूस भेजने के नाम पर बेरोजगार युवाओं से करोड़ों रुपये ठगने वाले गिरोह के मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एसओजी और कोतवाली नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने उसे नेताजी सुभाष चन्द्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा से दबोचा। आरोपी पहचान बदलकर अलग-अलग जिलों में ठगी का जाल फैला रहा था।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान विवेक कुमार उर्फ शमशाद खान के रूप में हुई है। वह बिहार के पश्चिमी चम्पारण जिले का रहने वाला है। आरोपी ने गोंडा के उतरौला रोड स्थित हर्ष टावर में “मल्टी इंटरनेशनल इमीग्रेशन काउंसिल” नाम से एक फर्जी दफ्तर खोल रखा था। यहीं से वह विदेश भेजने के नाम पर युवाओं को जाल में फंसाता था।

रूस के मास्को सिटी में नौकरी दिलाने का देता था झांसा

जांच में सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया, खासकर फेसबुक पर रूस के मॉस्को शहर में अच्छी तनख्वाह वाली नौकरी का विज्ञापन डालता था। विज्ञापन देखकर संपर्क करने वाले युवाओं को वह फर्जी वीजा, नकली ऑफर लेटर और बनावटी एग्रीमेंट दिखाकर भरोसा दिलाता था। इसके बाद प्रति व्यक्ति एक से दो लाख रुपये तक वसूले जाते थे। शुरुआती जांच में करीब डेढ़ करोड़ रुपये की ठगी का अंदेशा है।

करीब 200 लोगों से करोड़ों की ठगी

इस गिरोह के खिलाफ गोंडा, बस्ती और देवरिया जिलों के पीड़ितों ने शिकायत दर्ज कराई थी। गोंडा के अवधेश कुमार पांडेय से 1.30 लाख रुपये लेकर आरोपी उन्हें दिल्ली एयरपोर्ट बुलाकर फरार हो गया। बस्ती के मस्तराम निषाद से 1.25 लाख रुपये और पासपोर्ट लेकर फर्जी दस्तावेज थमा दिए गए। देवरिया के कृष्ण कुमार गोंड से 1.70 लाख रुपये ऐंठकर उन्हें दिल्ली एयरपोर्ट बुलाया गया। इस तरह करीब 200 लोगों से ठगी किया। और बाद में फोन बंद कर लिया गया।

आरोपी विदेश भागने की कोशिश में था पुलिस ने कोलकाता एयरपोर्ट से दबोचा

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने एसओजी और सर्विलांस टीम को जांच में लगाया। तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी का पीछा किया और उसे कोलकाता एयरपोर्ट से उस समय गिरफ्तार कर लिया। जब वह भागने की कोशिश में था।

सोशल मीडिया के लुभाने विज्ञापनों से रहे सावधान

आरोपी के खिलाफ कोतवाली नगर थाने में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में तीन मुकदमे दर्ज हैं। जिनमें धोखाधड़ी, प्रतिरूपण और कूटरचना से संबंधित गंभीर आरोप शामिल हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि विदेश में नौकरी के नाम पर किसी भी एजेंसी पर भरोसा करने से पहले उसकी पूरी जांच-पड़ताल जरूर करें। सोशल मीडिया के लुभावने विज्ञापनों से सावधान रहें।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *