Mumbai Police ने 72 करोड़ रुपये की Cyber Fraud का किया भंडाफोड़, छह गिरफ्तार

Mumbai Police ने 72 करोड़ रुपये की Cyber Fraud का किया भंडाफोड़, छह गिरफ्तार

मुंबई पुलिस ने अंतरराज्यीय साइबर धोखाधड़ी गिरोह का भंडाफोड़ कर छह लोगों को गिरफ्तार किया है। जांच में देशभर में 255 शिकायतों से जुड़ी करीब 72 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले सामने आए हैं। पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि जांच तब शुरू हुई, जब एक अकाउंटेंट ने पुलिस से शिकायत की कि उसकी कंपनी के मालिक बनकर एक व्यक्ति ने उससे धोखाधड़ी करके 10 लाख रुपये हस्तांतरित करा लिए। उन्होंने कहा, ‘‘अकाउंटेंट को 30 जुलाई को एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सऐप संदेश मिला था, जिस पर प्रोफाइल तस्वीर में कंपनी के मालिक की फोटो लगी थी। उसकी शिकायत पर मुलुंड पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।’’
अधिकारी के मुताबिक, बैंक लेनदेन और मोबाइल नंबरों के तकनीकी विश्लेषण से पता चला कि ठगी की रकम में से 5.50 लाख रुपये उत्तर प्रदेश के मेरठ स्थित एक बैंक खाते में स्थानांतरित किए गए थे।

बाद में इस रकम को चेक के जरिये निकाल लिया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस की एक टीम ने मेरठ से तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया। उनसे पूछताछ के बाद उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद, गुजरात के वडोदरा और मुंबई के उत्तरी उपनगर कांदिवली से तीन अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने 5.50 लाख रुपये और पांच मोबाइल फोन जब्त किए हैं। अधिकारी ने कहा, ‘‘एक संदिग्ध के मोबाइल फोन में मिले 11 बैंक खातों के आगे के तकनीकी विश्लेषण से 21 राज्यों में साइबर धोखाधड़ी की 182 शिकायतों से उनके संबंध सामने आए। एक अन्य संदिग्ध के फोन से 49 बैंक खातों का विवरण मिला, जो देशभर में साइबर अपराध की 73 शिकायतों से जुड़े थे।

इस तरह कुल मामलों की संख्या 255 हो गई और धोखाधड़ी की अनुमानित कुल रकम 72 करोड़ रुपये तक पहुंच गई।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *