Mumbai के साकीनाका में कबाड़ गोदाम में लगी भीषण आग, चार लोग झुलसे

Mumbai के साकीनाका में कबाड़ गोदाम में लगी भीषण आग, चार लोग झुलसे

मुंबई के अंधेरी इलाके के साकीनाका में मंगलवार शाम कबाड़ के एक गोदाम में भीषण आग लगने से चार लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। दशहरे के दिन महानगर में आग लगने की यह तीसरी घटना है।

अधिकारियों ने बताया कि कैरानी रोड स्थित गोदाम में आग लगने की सूचना दमकल विभाग को शाम छह बजकर 18 मिनट पर मिली। उन्होंने बताया कि आग को दूसरे स्तर की श्रेणी में रखा गया, जो इलाके के लिए गंभीर खतरे का संकेत है। महानगरपालिका के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘आग में 20-वर्षीय एक युवक समेत चार लोग झुलस गए।’’
घायलों के शरीर का 10 से 80 प्रतिशत हिस्सा झुलस गया है।

उनका महानगरपालिका के राजावाड़ी अस्पताल में इलाज जारी है। आग से उठता घना काला धुआं दूर से ही आसमान में दिखाई दे रहा था, जिससे झुग्गी-बस्ती बहुल इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दमकलकर्मी आग बुझाने में जुटे थे।

अभियान में कम से कम आठ दमकल गाड़ियों और अन्य वाहनों को लगाया गया था। महानगरपालिका के एक अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल पर दमकलकर्मियों के अलावा पुलिस, अदाणी इलेक्ट्रिसिटी के कर्मचारी, एंबुलेंस और वार्ड कर्मचारियों को भी तैनात किया गया। इससे पहले दिन में मुंबई के कुर्ला इलाके में 13 मंजिला रिहायशी इमारत की बिजली की ‘डक्ट’ में आग लग गई थी, जिसमें तीन बच्चों समेत नौ लोग घायल हो गए थे।

दक्षिण मुंबई में भुलाभाई देसाई रोड स्थित प्रमुख डिपार्टमेंटल स्टोर अमरसन्स में भी आग लग गई थी। कबाड़ के गोदाम में आग लगने की घटना के बाद इन तीन घटनाओं में से दो में घायल हुए लोगों की कुल संख्या 13 हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *