Sterlite Technologies Share: भारतीय शेयर बाजार में पिछली दिवाली से अब तक निवेशकों को निराशा हाथ लगी है। इस दौरान निफ्टी में 11% से ज्यादा की गिरावट आई है। लेकिन बाजार की इस कमजोरी के बीच कुछ शेयरों ने निवेशकों की दौलत कई गुना बढ़ा दी। करीब 60 कंपनियों के शेयरों ने एक साल में 100% से ज्यादा रिटर्न दिया है। इनमें कुछ शेयर ऐसे भी हैं, जिनकी कीमत में 650% तक का उछाल आया है।
इस लिस्ट में स्टरलाइट टेक्नोलॉजीज सबसे आगे है। वहीं, फार्मा, डिफेंस, इंजीनियरिंग, टेलीकॉम और ज्वेलरी जैसे सेक्टर्स की कंपनियों ने भी शानदार परफॉर्म किया है। हालांकि, इन शेयरों में आई भारी तेजी के बाद निवेशकों के लिए यह समझना जरूरी है कि क्या मौजूदा कीमत पर इनमें पैसा लगाना सही रहेगा या नहीं।
स्टरलाइट टेक्नोलॉजीज ने दिया सबसे ज्यादा रिटर्न
पिछली दिवाली से अब तक स्टरलाइट टेक्नोलॉजीज के शेयर में 650% की तेजी आई है। कंपनी ऑप्टिकल कनेक्टिविटी और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के कारोबार में है। डेटा सेंटर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और कम्युनिकेशन से जुड़े कारोबार में बढ़ती दिलचस्पी से इस तरह की कंपनियों पर निवेशकों का ध्यान गया है।
क्यूपिड ने दिया 500% से ज्यादा रिटर्न
इस लिस्ट में क्यूपिड दूसरे स्थान पर है। इसके शेयर ने 527% का रिटर्न दिया है। वहीं, सिग्मा एडवांस्ड सिस्टम्स के शेयर में 464.4% की तेजी दर्ज की गई। ये तीनों ऐसी कंपनियां हैं, जिनके शेयरों ने इस अवधि में 400% से ज्यादा रिटर्न दिया।
फार्मा कंपनियों के शेयरों में भी जोरदार तेजी
दवा बनाने वाली कंपनियों के शेयर भी निवेशकों के लिए फायदे का सौदा साबित हुए। ब्लिस GVS फार्मा के शेयर में 316.6% और क्वालिटी फार्मास्यूटिकल्स में 312.9% की तेजी आई। इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, इंड-स्विफ्ट लैबोरेटरीज के शेयर ने 259.6% रिटर्न दिया, जबकि शिल्पा मेडिकेयर के शेयर में 152.5% की बढ़त दर्ज की गई। इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि बाजार में गिरावट के बावजूद फार्मा सेक्टर की कुछ कंपनियों ने निवेशकों को अच्छी कमाई का मौका दिया।
डिफेंस, इंजीनियरिंग और टेलीकॉम शेयरों ने भी भरी उड़ान
औद्योगिक और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में भी अच्छी तेजी देखने को मिली। स्वान डिफेंस एंड हेवी इंडस्ट्रीज के शेयर 262.9% चढ़े। जबकि श्रीजी शिपिंग ग्लोबल ने 248.5% का रिटर्न दिया। प्रिसिजन इंजीनियरिंग के कारोबार में काम करने वाली MTAR टेक्नोलॉजीज के शेयर में 226.1% की तेजी आई। कबरा एक्सट्रूजन टेक्निक के शेयर 211.6% और संसरा इंजीनियरिंग के शेयर 189.4% चढ़े। टेलीकॉम उपकरण बनाने वाली कंपनी HFCL ने 214.9% का रिटर्न दिया। वहीं, वेलस्पन कॉर्प के शेयर में 201.7% की तेजी दर्ज की गई।
ज्वेलरी और इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर कंपनियां भी आगे
ज्वेलरी रिटेलर त्रिभुवनदास भीमजी झवेरी के शेयर में 246.8% और थंगामायिल ज्वेलरी के शेयर में 137% की बढ़त आई है। नई पीढ़ी की कंपनियों में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बनाने वाली एथर एनर्जी की परफॉर्मेंस भी अच्छी रही। पिछली दिवाली से अब तक इसके शेयर ने 114.9% का रिटर्न दिया है। इन उदाहरणों से पता चलता है कि बाजार में कमाई के मौके अलग-अलग सेक्टर में मौजूद रहे।
निफ्टी से बेहतर रहा स्मॉलकैप इंडेक्स
पिछली दिवाली से अब तक निफ्टी में 11% से ज्यादा की गिरावट आई है। इसके मुकाबले निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स में 2.8% की बढ़त दर्ज की गई। हालांकि, स्मॉलकैप इंडेक्स की यह मामूली तेजी बताती है कि कुछ शेयरों में आई बड़ी उछाल पूरे बाजार की तस्वीर नहीं है। 100% से ज्यादा रिटर्न देने वाले 60 शेयरों की परफॉर्मेस असाधारण रही, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि स्मॉलकैप के सभी शेयरों ने निवेशकों को अच्छा मुनाफा दिया।
क्या अब इन मल्टीबैगर शेयरों में निवेश करना चाहिए?
एक साल में कई गुना रिटर्न देने वाले शेयरों को देखकर निवेशकों के मन में इनमें पैसा लगाने का विचार आ सकता है। लेकिन किसी शेयर का पिछला रिटर्न यह गारंटी नहीं देता कि आगे भी वैसी ही कमाई होगी। वैश्विक तनाव, महंगी कमोडिटी, महंगाई और विदेशी निवेशकों के पैसे निकालने जैसे जोखिम शेयर बाजार पर दबाव बना सकते हैं। ऐसे माहौल में तेजी से बढ़े शेयरों में निवेश करने से पहले कंपनी की कमाई, कारोबार की स्थिति और मौजूदा वैल्यूएशन का आकलन करना जरूरी है। शेयर मार्केट एक्सपर्ट सौरभ गुप्ता के अनुसार, स्मॉलकैप शेयर लंबी अवधि में वेल्थ बनाने का मौका दे सकते हैं, लेकिन इनमें उतार-चढ़ाव और वैल्यूएशन से जुड़े जोखिम भी ज्यादा होते हैं।
(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी मात्र है। यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर मार्केट/म्यूचुअल फंड में निवेश जोखिम भरा होता है। कहीं भी पैसा लगाने से पहले अपने निवेश सलाहकार से परामर्श लें।)

