सांसद संजना के ‘चौके-छक्के’:SDM मैडम की विदाई पर नाचे ‘विधायकजी’; साइकिल पर IG साहब

सांसद संजना के ‘चौके-छक्के’:SDM मैडम की विदाई पर नाचे ‘विधायकजी’; साइकिल पर IG साहब

नमस्कार भरतपुर सांसद संजना जाटव ने क्रिकेट ग्राउंड पर खूब हुनर दिखाया। नागौर में SDM साहिबा के विदाई कार्यक्रम में विधायकजी नाचे। जयपुर में आईजी साहब साइकिल से दफ्तर पहुंचे और RPF अधिकारी अनोखे तरीके से रेलयात्रियों को जागरूक कर रहे हैं। राजनीति और ब्यूरोक्रेसी की ऐसी ही खरी-खरी बातें पढ़िए, आज के इस एपिसोड में.. 1. सांसद मैडम ने लगाए चौके-छक्के सांसद महोदय कभी डांस के कारण सुर्खियों में आती हैं, कभी रील्स के कारण और कभी दिशा की मीटिंग में गुस्से के कारण। इस बार चर्चा अलग हुनर को लेकर है। मैडम क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन करने भरतपुर के भुसावर इलाके में छोटे से गांव रणधीरगढ़ पहुंचीं थीं। क्रिकेट प्रतियोगिता के शुभारंभ की एक रस्म होती है। मुख्य मेहमान बैट लेकर क्रीज पर उतरता है और बॉल खेलता है। मैडम ने बल्ला उठाया और क्रीज पर पहुंच गईं। पीछे समर्थकों का मजमा लग गया। पगड़ी वाले ताऊ ने बॉल थाम ली। समर्थकों ने ताऊ को हिदायत दी- धीरे फेंकना। ताऊ ने बॉडीलाइन बाउंसर मारा। मैडम ने सिद्धहस्त खिलाड़ी की तरह स्कूप जैसा कोई शॉट मारा और बॉल सीमा रेखा (बाउंड्री) के बाहर। तालियां गूंज उठीं। मैडम का हौसला बढ़ गया। और आने दो। इसके बाद बॉलर चेंज हो गया। दूसरे बॉलर ने वाइड लाइन यॉर्कर डालने का प्रयास किया। इस बार भी मैडम ने सीधे बल्ले से कवर के ऊपर शॉट घुमा दिया। मैडम का हुनर देख हर कोई दंग। युवा सांसद ने युवा बल्लेबाजों जैसा खेल दिखाया। क्रीज से नॉट आउट बाहर आईं। आगाज ऐसा है तो यकीनन टूर्नामेंट में चौके-छक्कों की बरसात होगी। फिलहाल सोशल मीडिया पर सांसद मैडम के शॉट्स खूब घूम रहे हैं। 2. SDM की विदाई, विधायक का डांस नेता और अधिकारी के बीच अक्सर 36 का आंकड़ा देखने को मिलता है। अफसर पसंद का न हो तो नेतागण नाक में दम कर देते हैं। काम की नाकामी का सारा ठीकरा अधिकारी पर फोड़ दिया जाता है। फैशन के हिसाब से अधिकारी को फटकारते हुए नेतागण रील भी बनवाते हैं। ताकि वाहवाही लूट सकें। लेकिन नागौर के मेड़ता में अजब ही नजारा दिखाई दिया। यहां एसडीएम साहिबा ने लगन से काम किया। आम जन में अपने काम से पैठ बनाई। लोग उन्हें पसंद करने लगे। अब उनका ट्रांसफर हो गया। मेड़ता वालों ने विदाई देने के लिए कार्यक्रम रखा। मैडम का साफा पहनाकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में विधायक महोदय भी पहुंचे। डीजे पर गीत-संगीत बजने लगा। विधायकजी के पैर थिरकने लगे। ताली बजा-बजाकर विधायक जी खूब नाचे। संगी-साथी समर्थक भी नाचने लगे। माहौल बन गया। एसडीएम मैडम भी खुद को डांस से नहीं रोक सकीं। वे भी नाचने लगीं। शासन प्रशासन और आमजन का यूं एक साथ नाचना नजीर बन गया। मैडम की विदाई यादगार रही। 3. साइकिल से IG साहब पहुंचे दफ्तर वे IPS हैं। इस पद पर कोई यूं ही नहीं पहुंच जाता। बहुत मेहनत करनी पड़ती है। साहब मेहनत की बात पर कदम पीछे नहीं खींचते। उन्हें राजस्थान में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स का IG बनाया गया है। उनका एक ही नशा है, नशे का नाश करना। चार्ज संभालने के बाद से नशा कारोबारियों की हवा टाइट है। ड्रग्स की कई फैक्ट्रियों का भंडाफोड़ हो चुका है। तस्कर खेप से भरी गाड़ियां छोड़कर भाग रहे हैं। हर पांच-सात दिन में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई हो रही है। इस बीच ईंधन बचाने का आह्वान हो गया। सरकार EV में चलने लगी। आईजी साहब ने भी सोचा कि हवन में आहूतियां डाली जाएं। साहब वर्दी में तैयार होकर ऑफिस जाने निकल पड़े। दरवाजे पर कार खड़ी की खड़ी रही। साहब ने साइकिल संभाली। गाड़ियों के रेले के बीच कड़ी धूप में साहब ने खूब पैडल मारे। इस मेहनत भरे सफर के बाद IPS विकास कुमार पहुंच गए अपने ऑफिस। 4. चलते-चलते.. अपराधी और रक्षक में सदियों से लुका-छिपी का खेल चल रहा है। पुलिस हर वारदात को नहीं रोक सकती। न ही ये संभव है कि वारदात होने से पहले ही पुलिस आ धमके और बदमाशों को दबोच ले। ऐसे में RPF के एक अधिकारी ऋतुराज चौधरी जागरूकता के लिए अनोखा काम कर रहे हैं। वे रेल यात्रियों की सतर्कता का ऑन स्पॉट परीक्षण करते हैं। खिड़की के पास बैठकर कोई मोबाइल देखता है तो झपट लेते हैं। मोबाइल के मालिक की हवाइयां उड़ जाती हैं। उसे लगता है कि चोर झपट्‌टा मारकर फोन ले उड़ा। पलटता है तो पुलिस अधिकारी। चौधरी साहब समझाते हैं- मोबाइल ही देखना है तो पैर खिड़की की तरफ रखो और सिर दूसरी तरफ। यात्री राहत की सांस लेता है। बात गले उतरती है। चौधरी साहब के कई वीडियो सोशल मीडिया पर घूम रहे हैं। किसी सोते हुए यात्री की जेब से वे मोबाइल निकाल लेते हैं, फिर उसे जगाते हैं। सोए को जगाना ही तो जागरूकता है। ऋतुराज चौधरी जी के इस अभियान को सलाम। उम्मीद है यात्री समझेंगे कि वारदात को जरा सी सतर्कता और जागरूकता से टाला जा सकता है। इनपुट सहयोग- हनुमान तंवर (नागौर)। वीडियो देखने के लिए सबसे ऊपर फोटो पर क्लिक करें। अब कल सुबह 7 बजे मुलाकात होगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *