सोनीपत नगर निगम चुनाव में मिली हार के बाद कांग्रेस अब खुलकर चुनाव प्रक्रिया और प्रशासनिक भूमिका पर सवाल उठाने लगी है। हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी जितेंद्र बघेल ने चुनाव नतीजों के बाद बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि कई वार्डों में बूथ कैप्चरिंग करवाई गई। आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जबरन बूथों से बाहर निकाला गया और प्रशासन ने भाजपा के साथ मिलकर चुनाव प्रभावित करने का काम किया और वोट चोरी किए हैं। उन्होंने दावा किया कि अगर निष्पक्ष मतदान होता तो कांग्रेस 10 से 12 वार्ड आसानी से जीत जाती। “वार्ड नंबर-6 में पूरा बूथ कब्जा कर डलवाए गए वोट” जितेंद्र बघेल ने सबसे गंभीर आरोप फाजिलपुर के वार्ड नंबर-6 को लेकर लगाए। उन्होंने कहा कि वहां पूरे बूथ पर कब्जा कर फर्जी वोट डलवाए गए। उनके मुताबिक मतदान के दौरान उन्हें फोन पर सूचना मिली थी, जिसके बाद उन्होंने तुरंत वार्ड प्रभारी को मौके पर भेजा, लेकिन तब तक “पूरा खेल” हो चुका था। उन्होंने दावा किया कि राठधाना समेत कई बूथों पर इसी तरह की घटनाएं हुईं। “पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बूथों से खदेड़ा” कांग्रेस प्रभारी ने आरोप लगाया कि पुलिस ने कई जगह कांग्रेस समर्थकों और बूथ एजेंटों के साथ बदसलूकी की। उन्होंने कहा कि जहां-जहां कांग्रेस मजबूत स्थिति में थी, वहां पुलिस ने दबाव बनाकर कांग्रेस के लोगों को बूथों से हटाया और उसके बाद बोगस वोटिंग करवाई गई।
उन्होंने कहा, “जैसे ही हमारे लोग शिकायत लेकर पहुंचे, प्रशासन दिखावे के लिए मामला शांत करवाता रहा, लेकिन अंदर फर्जी मतदान चलता रहा।” 10 से 12 वार्ड जीतने का था अनुमान उन्होंने कहा कि पार्टी के आंतरिक आकलन के अनुसार कांग्रेस 10 से 12 वार्डों में जीत दर्ज कर सकती थी। वहीं 4 से 5 वार्ड ऐसे थे जहां कांग्रेस बेहद मजबूती से चुनाव लड़ रही थी। उन्होंने विशेष रूप से वार्ड नंबर 6, 7 और 8 का जिक्र करते हुए कहा कि इन क्षेत्रों में पार्टी की स्थिति मजबूत थी और मुकाबला भी काफी करीबी रहा। “भाजपा और प्रशासन ने मिलकर खेला पूरा खेल” बघेल ने सीधे तौर पर प्रशासन और सरकार की मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव को प्रभावित करने के लिए पूरा सिस्टम इस्तेमाल किया गया। उन्होंने कहा कि कई वार्डों में भाजपा उम्मीदवार बेहद कम अंतर से जीते हैं और अगर बूथ कैप्चरिंग नहीं होती तो कांग्रेस के पार्षद जीतकर आते। उन्होंने दावा किया कि चुनाव बाद बूथवार वोटों के एनालिसिस में ऐसे कई बूथ सामने आए जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पहले हटाया गया और बाद में भाजपा को बढ़त मिली। SIR और वोट कटवाने को लेकर भाजपा पर हमला बंगाल और केरल के चुनावों का जिक्र करते हुए बघेल ने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र में विश्वास करती है, जबकि भाजपा लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा SIR के जरिए लाखों वोट कटवाने और चुनावी समीकरण प्रभावित करने का काम करती है। उन्होंने दावा किया कि अब हरियाणा में भी ऐसी प्रक्रिया लाई जा रही है और कांग्रेस इसका विरोध करेगी। आरोप लगाया कि SIR जैसे सिस्टम लाकर वोट कटवाने का काम किया जा रहा है और अब हरियाणा में भी वही तैयारी चल रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र बचाने की लड़ाई लड़ रही है।
महंगाई पर मोदी सरकार को घेरा बढ़ती महंगाई को लेकर भी उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चुनाव खत्म होते ही जनता पर महंगाई का बोझ डाल दिया गया। कटाक्ष करते हुए बोले, “अब जनता को कहा जा रहा है कि तेल खाना बंद कर दो, गाड़ी चलाना बंद कर दो।” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान भाजपा के रोड शो में सैकड़ों गाड़ियां घूमती रहीं, लेकिन विपक्ष की गाड़ियों पर कार्रवाई की जाती रही। भाजपा और आरएसएस की मानसिकता पर उठाए सवाल उन्होंने कहा कि भाजपा और आरएसएस लोकतंत्र को कमजोर कर एकतंत्र व्यवस्था लागू करना चाहते हैं। कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष कर रही है। उन्होंने जानकारी दी कि महंगाई के मुद्दे पर कांग्रेस तीन दिन का धरना प्रदर्शन करेगी। सद्भाव यात्रा और संगठन को लेकर भी दिया बयान
सद्भाव यात्रा में बड़े नेताओं की अनुपस्थिति पर बघेल ने कहा कि पार्टी हाईकमान के निर्देशों के अनुसार सभी नेता गुरुग्राम पहुंचे थे और वहां राहुल गांधी भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सभी नेता और कार्यकर्ता मिलकर जनता की समस्याओं को मजबूती से उठा रहे हैं। भीतरघात पर मांगे गए सबूत
उन्होंने कहा कि यदि पार्टी के भीतर कहीं भी भीतरघात हुआ है तो उसके प्रमाण मांगे गए हैं। जैसे ही पदाधिकारी सबूत देंगे, उसके आधार पर संगठनात्मक कार्रवाई की जाएगी। राजीव जैन के बयान पर भी किया पलटवार बघेल ने भाजपा नेता राजीव जैन के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अगर जनता कांग्रेस उम्मीदवार को जिताती है और फिर उसे काम नहीं करने दिया जाता, तो यह लोकतंत्र नहीं बल्कि एक तंत्र की तरह काम करना है


