मेरठ के कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। 16 वर्षीय किशोरी ने शुक्रवार को मेडिकल कॉलेज में एक बेटे को जन्म दिया, लेकिन डिलीवरी के बाद उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही है, जबकि नवजात की हालत फिलहाल ठीक बताई जा रही है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अस्पताल में दो महिला पुलिसकर्मी तैनात की गई हैं। परिजनों ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले किशोरी के पेट में तेज दर्द हुआ था। जब उसे डॉक्टर के पास ले जाया गया तो जांच में उसके आठ महीने की गर्भवती होने का खुलासा हुआ। इसके बाद किशोरी ने बताया कि मोहल्ले में फेरी लगाने वाला संदीप पिछले करीब एक साल से उसे बहला-फुसलाकर एक मंडप में ले जाता था और वहां उसके साथ दुष्कर्म करता था। मामले में परिजनों की शिकायत कंकरखेड़ा थाने मे एफआईआर दर्ज की गई थी। पुलिस ने आरोपी संदीप और मंडप संचालक को जेल भेज दिया था । एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले का कहना है कि आरोपियों को जेल भेज दिया गया था। पुलिस मेडिकल चिकित्सकों के संपर्क में है। जिला अस्पताल की वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञा डॉ. योगिता ने बताया कि किशोरी काफी कमजोर थी। उसका हीमोग्लोबिन भी महज 7 ही था और प्लेटलेट्स भी काफी कम थीं। उसका पूरा परीक्षण कर मेडिकल अस्पताल रेफर किया गया, जहां शुक्रवार सुबह 11 बजे बेटे को जन्म दिया। बच्चे का वजन 2.4 किलो ग्राम है।


