बहन से उसकी ननद ने कहा- तू मर जा, मैं भाई की दूसरी शादी करा दूंगी। करीब आठ घंटे बाद वह वह चौथी मंजिल से कूद गई। इससे पहले, छोटे भाई से कहा था कि बच्चों को ख्याल रखना। यह कहना है धर्मेंद्र शर्मा का। 26 अक्टूबर को तड़के 4 बजे उनकी छोटी बहन भूमि शर्मा (32) ने चौथी मंजिल से कूदकर सुसाइड की कोशिश की। धर्मेंद्र का आरोप है कि बहन से उसकी ननद वंदना शर्मा पत्नी मनीष शर्मा अक्सर झगड़ा करती थी। एक दिन पहले ही वंदना और देवर जितेंद्र शर्मा ने उसके साथ गाली-गलौज की थी। इसके बाद से वह परेशान थी। घटना के करीब तीन दिन हो गए हैं। गंभीर हालत में दिल्ली के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती है। शरीर का नीचे का हिस्सा पैरालाइज हो गया है। तीन दिन बाद होश नहीं आया है। धर्मेंद्र ने दैनिक भास्कर को घटनाक्रम के बारे में बताया। पढ़िए रिपोर्ट… बच्चे चिल्लाते रहे, मां कूद गई एक महीने पहले ही रहने आए थे
मूल रूप से अंबाह के रहने वाले हरेंद्र शर्मा मुरैना में दूध का कारोबार करते हैं। 12 साल पहले उनकी शादी भूमि शर्मा (32) से हुई। वह अपने 11 साल की बेटी और 9 साल के बेटे के साथ नैनागढ़ रोड स्थित बिल्डिंग में रहते हैं। एक महीने पहले ही रामहेत सिकरवार के मकान में किराए पर रहने आए थे। सोमवार सुबह करीब 4 बजे भूमि चौथी मंजिल पर खड़ी होकर कूदने लगी। नीचे खड़े उसके बेटा-बेटी उसे रोकने के लिए चिल्लाते रहे, पति भी उसे रोकता रहा, लेकिन उसने नहीं सुनी। उसे पहले जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। उसके बाद ग्वालियर फिर दिल्ली ले जाया गया। भाई बोला- ननद से हुआ था विवाद धर्मेंद्र शर्मा ने दैनिक भास्कर को फोन पर बताया कि हरेंद्र (जीजाजी) की बहन वंदना शर्मा पत्नी मनीष शर्मा ग्वालियर में रहते हैं। पति-पत्नी के बीच बाद विवाद है, जिसका कोर्ट में प्रकरण भी चल रहा है। वंदना अपने मायके में भाई हरेंद्र के पास आकर अक्सर बहन भूमि को भला-बुरा कहती थी। भूमि ने कई बार मुझे और घर आकर इसके बाद में बताया था। मैंने भी जीजा हरेंद्र और भूमि को समझाने का प्रयास किया था। इसके बाद भी असर नहीं पड़ा। हादसे के दो दिन पहले बहन और जीजा के पास वंदना ग्वालियर से मुरैना पहुंची थी। इसके बाद वह लगातार बहन को परेशान कर रही थी। ननद के साथ देवर-देवरानी ने भला बुरा कहा
रविवार को वंदना और भूमि के बीच फिर झगड़ा हो गया। दिनभर झगड़ा चलता रहा। रात में वंदना ने मुरैना में रहने वाले भूमि का देवर और अपने भाई जितेंद्र शर्मा, उसकी पत्नी को घर बुला लिया। भूमि के साथ गाली-गलौज करते हुए भला-बुरा कहा। वंदना ने कहा था कि तू मर जा तो मैं अपने भाई की दूसरी शादी करा दूंगी। भूमि ने पलट कर कहा कि दीदी आपने अपना घर तो बर्बाद कर ही लिया। अब अपने भाई का बर्बाद करने चली हैं। इस पर विवाद बढ़ गया। जितेंद्र ने भी भूमि को भला बुरा कहा। दिन में भी भूमि ने फोन पर मुझे सबकुछ बताया, तो मैंने बहन और जीजा से बात की थी। उन्हें समझाया भी था। छोटे भाई से फोन पर बोली- बच्चों को अच्छे संस्कार देना
धर्मेंद्र ने बताया कि घटना से करीब एक घंटे भूमि ने छोटे भाई नरेंद्र शर्मा पर फोन किया। उसने रोते हुए कहा था कि भैया मेरे बच्चों को ठीक से पालना। उनका ख्याल रखना। अच्छे संस्कार देना। मैं जा रही हूं। उसने बहन से बोला भी था कि तुम ऐसा क्यों कह रही हो, लेकिन उसने जवाब दिया। उस वक्त वह छत पर थी। घटना वाले दिन दोनों इंदौर में थे। नरेंद्र ने तुरंत मुझे जगाया। उसने भूमि को दोबारा कॉल किया, लेकिन उसने फोन काट दिया। मैंने भी जीजा रात में ही हरेंद्र को फोन किया। पूछा कि भूमि कहां है, इस पर उन्होंने कहा कि हम उसे तलाश कर रहे हैं। वह काफी देर से नहीं मिल रही। तब फिर मैंने उसके छत पर होने का बताया। पड़ोसी बोले- दो दिन से आती रही चिल्लाने को आवाजें
नाम नहीं छापने की शर्त पर पड़ोसी ने बताया कि दो दिन से हरेंद्र के यहां कुछ तो चल रहा था। आए दिन विवाद जैसी आवाज आती थी। लोग भी आते रहते थे, तो लगा हर घर में छोटी मोटी बातें चलती हैं, लेकिन बात इतनी बड़ी होगी, अंदाजा नहीं था। …………………………………… यह खबर भी पढ़ें…
बेटा मम्मी-मम्मी चिल्लाता रहा, मां चौथी मंजिल से कूद गई मुरैना के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक महिला ने घर की चौथी मंजिल से कूदकर जान देने की कोशिश की। गंभीर रूप से घायल महिला को पति अपनी कार से मुरैना जिला अस्पताल ले गया। वहां से उसे ग्वालियर और फिर दिल्ली रेफर किया गया। पूरी खबर पढ़ें…

