40.5 डिग्री पहुंचा अधिकतम,गर्मी से लोग हलाकान

40.5 डिग्री पहुंचा अधिकतम,गर्मी से लोग हलाकान

जिले में अधिकतम तापमान 40 डिग्री के ऊपर चल रहा है।
बैतूल। जिले में गर्मी अब दोहरी मार बनकर सामने आ रही है। दिन में जहां तापमान लगातार 40 डिग्री सेल्सियस के पार बना हुआ है। वहीं रात के तापमान में भी बढ़ोतरी से लोगों को राहत नहीं मिल रही। गुरुवार को अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री और न्यूनतम 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे रातें भी गर्म बनी हुई हैं।
पिछले कुछ दिनों से जिले में तापमान लगातार 40 डिग्री के आसपास बना हुआ है। 14 अप्रेल को तापमान 40.5 डिग्री दर्ज किया गया था, जिसके बाद 15 और 16 अप्रेल को भी पारा 40 डिग्री के ऊपर ही बना रहा। दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। गर्मी बचने लोग जतन करके ही बाहर निकल रहे हैं। मुंह पर कपड़ा बांधकर ही घर से निकल रहे है और शीतल पेय का सहारा ले रहे हैं। हालांकि पहले रात के समय तापमान में गिरावट से कुछ राहत मिल जाती थी, लेकिन अब न्यूनतम तापमान भी 23 डिग्री के पार पहुंच गया है। इससे रात में भी गर्मी और उमस हो रही है। लोग पूरी रात कूलर, पंखे और एसी का सहारा ले रहे हैं। गर्मी का असर बाजारों और जनजीवन पर भी साफ दिखाई दे रहा है। दोपहर के समय बाजारों में सन्नाटा छा जाता है और केवल जरूरी काम होने पर ही लोग बाहर निकल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना है। ऐसे में दिन के साथ-साथ रात की गर्मी भी लोगों की मुश्किलें और बढ़ा सकती है। जिला अस्पताल के डॉक्टर रुपेश पद्माकर ने बताया अधिक गर्मी की वजह से स्वास्थ्य पर असर पड़ सकता है। लोग धूप से बचे,जरुरी होने पर ही घर से बाहर निकले। सिर और मुंह बांधकर घर से निकले। पर्याप्त मात्रा में पानी पीए। बीमार होने पर तत्काल डॉक्टर को दिखाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *