‘ईरान पर समुद्री प्रतिबंध पूरी तरह लागू’, अमेरिका ने खारिज किया सीजफायर बढ़ाने का दावा

‘ईरान पर समुद्री प्रतिबंध पूरी तरह लागू’, अमेरिका ने खारिज किया सीजफायर बढ़ाने का दावा

अमेरिका और ईरान के बीच 2 सप्ताह के लिए युद्ध विराम पर सहमति (Ceasefire Agreement) बनी है। युद्ध विराम को आगे बढ़ाने की खबरों को अमेरिका ने खारिज कर दिया है। अमेरिका के हालिया बयान से स्थाई शांति को लेकर चिंता बढ़ गई है। हालांकि, कई देश होर्मुज स्ट्रेट (Strait of Hormuz) और मिडिल ईस्ट में जारी तनाव (Middle East Tensions) को कम करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं।

अमेरिका ने युद्ध विराम की खबरों को खारिज किया

व्हाइट हाउस प्रेस सचिव कैरोलिन लीविट ने कहा कि सुबह मैंने कुछ गलत रिपोर्टिंग देखी, जिसमें कहा गया था कि हमने औपचारिक रूप से सीजफायर बढ़ाने का अनुरोध किया है, यह बात सच नहीं है। ईरान से जुड़े समुद्री प्रतिबंध ईरानी बंदरगाहों से आने-जाने वाले सभी देशों के जहाजों पर लागू होगा। खासकर यह प्रतिबंध अरब खाड़ी और ओमान की खाड़ी में लागू रहेगा।

अमेरिका ने क्या कहा?

ईरान की नाकेबंदी पर व्हाइट हाउस प्रेस सचिव कैरोलिन लीविट ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म X पर पोस्‍ट किया है। इस पोस्ट में ईरान की नाकेबंदी पर कैरोलिन लीविट ने कहा कि इसे पूरी तरह से लागू कर दिया गया है। इसे ईरान के बंदरगाहों में आने या वहां से जाने वाले सभी देशों के जहाजों पर लागू किया जा रहा है। इसमें अरब खाड़ी और ओमान की खाड़ी के सभी ईरानी बंदरगाह शामिल हैं। इस क्षेत्र में हमारी अमेरिकी सेनाएं उन जहाजों के लिए नेविगेशन की स्वतंत्रता का समर्थन कर रही हैं, जो होर्मुज स्‍ट्रेट से गुजरते हुए गैर-ईरानी बंदरगाहों तक आ-जा रहे हैं।

अमेरिकी सेना सतर्क

व्हाइट हाउस प्रेस सचिव कैरोलिन लीविट ने सीजफायर को बढ़ाने की खबरों को खारिज करते हुए कहा- हमें किसी समझौते की संभावनाओं को लेकर अच्छा महसूस हो रहा है। जाहिर है कि राष्‍ट्रपत‍ि डोनास्ड ट्रंप की मांगों को पूरा करना ईरान के हित में है। अमेरिकी नौसेना के जहाज ओमान की खाड़ी में गश्त कर रहे हैं, जबकि सेंटकॉम ईरानी बंदरगाहों में आने-जाने वाले जहाजों पर अमेरिकी नाकेबंदी को लागू करना जारी रखे हुए है। अमेरिकी सेनाएं वहां मौजूद हैं, सतर्क हैं और नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए तैयार हैं।

ईरानी की ओर आने-जाने वाले जहाजों को रोकने के लिए हजारों अमेरिकी सैनिक तैनात

US सेंट्रल कमांड के अनुसार, ईरानी बंदरगाहों में आने-जाने वाले जहाजों पर अमेरिकी नाकेबंदी के पहले 48 घंटों के दौरान, कोई भी जहाज अमेरिकी सेनाओं को पार नहीं कर पाया है। इसके अलावा 9 जहाजों ने अमेरिकी सेनाओं के निर्देश का पालन करते हुए वापस मुड़कर किसी ईरानी बंदरगाह या तटीय क्षेत्र की ओर लौट गए हैं।
US सेंट्रल कमांड ने अरब सागर में उड़ान संचालन करते हुए USS अब्राहम लिंकन का एक वीड‍ियो आधिकारिक X अकाउंट पर जारी करते हुए ल‍िखा- हजारों अमेरिकी सैनिक, जिनमें अब्राहम लिंकन कैरियर स्ट्राइक ग्रुप के 5,000 नाविक और मरीन शामिल हैं। ईरानी बंदरगाहों में आने-जाने वाले जहाजों को रोकने के मिशन को अंजाम दे रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *