Thane Dust Storm:महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के हेलिकॉप्टर को गुरुवार को अचानक आए धूल भरे तूफान का सामना करना पड़ा। तेज हवाओं और खराब विजिबिलिटी के चलते हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। पायलट की सूझबूझ और सतर्कता की वजह से बड़ा हादसा टल गया। राहत की बात यह रही कि एकनाथ शिंदे समेत हेलिकॉप्टर में सवार सभी 8 लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं।
मुंबई से मुरबाड जा रहे थे एकनाथ शिंदे
जानकारी के अनुसार, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स से हेलिकॉप्टर के जरिए मुरबाड के लिए रवाना हुए थे। उन्हें एक शादी समारोह में शामिल होना था। लेकिन रास्ते में कल्याण और आसपास के इलाके में अचानक आई धूल भरी आंधी में उनका हेलिकॉप्टर फंस गया।
बताया जा रहा है कि जब उनका हेलीकॉप्टर कल्याण के पास पहुंचा, तो मौसम ने अचानक करवट ली। तेज हवाओं और धूल की घनी चादर ने हेलीकॉप्टर को चारों ओर से घेर लिया। हेलिकॉप्टर करीब 10 से 15 मिनट तक धूल के तूफान में फंसा रहा। तेज हवाओं और हवा में फैली धूल के कारण विजिबिलिटी काफी कम हो गई थी। पायलट को काफी दिक्कतें हो रही थीं।
पायलट ने दिखाई समझदारी, जुहू एयरपोर्ट पर हुई लैंडिंग
स्थिति गंभीर होती देख पायलट ने तुरंत फैसला लेते हुए हेलिकॉप्टर को वापस मुंबई की ओर मोड़ दिया। इसके बाद हेलिकॉप्टर की सुरक्षित लैंडिंग जुहू एयरपोर्ट पर कराई गई। पायलट की समय पर लिए गए फैसले की वजह से संभावित बड़ा हादसा टल गया।
इस यात्रा के दौरान शिवसेना प्रमुख व उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के साथ उनका महत्वपूर्ण दल मौजूद था। हेलीकॉप्टर में उनके निजी सहायक प्रभाकर काले, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनायक पात्रुडकर, ओएसडी राजपूत और मुख्य सुरक्षा अधिकारी सहित कुल 8 लोग सवार थे। सौभाग्य से हेलिकॉप्टर में मौजूद सभी लोग सुरक्षित है।


