पिंडवाड़ा नगर पालिका ने विश्व पर्यावरण दिवस सप्ताह अभियान के अंतर्गत मंगलवार को एक कार्यशाला का आयोजन किया। यह कार्यशाला नगर पालिका परिसर में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन विषय पर केंद्रित थी, जिसका मुख्य उद्देश्य नागरिकों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना था। कार्यशाला के दौरान पालिका स्वास्थ्य निरीक्षक ने ‘4-बिन अपशिष्ट पृथक्करण प्रणाली’ की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि घरों से निकलने वाले कचरे को गीला, सूखा, घरेलू हानिकारक और सैनिटरी अपशिष्ट जैसी विभिन्न श्रेणियों में अलग-अलग डिब्बों में संग्रहित किया जाना चाहिए। स्वास्थ्य निरीक्षक ने इस बात पर जोर दिया कि स्रोत स्तर पर कचरे का पृथक्करण उसके वैज्ञानिक निस्तारण को सुविधाजनक बनाता है और पर्यावरण प्रदूषण को कम करने में सहायक होता है। इस अवसर पर उपस्थित नागरिकों को दैनिक जीवन में कचरा पृथक्करण की आदत अपनाने और स्वच्छ एवं स्वस्थ शहर के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया। नगर पालिका ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे चार-बिन प्रणाली को अपनाकर स्वच्छता अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें। कार्यक्रम के समापन पर स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए यह नारा भी दिया गया: “चार बिन अपनाएं, कचरे को सही जगह पहुंचाएं। स्वच्छ पिंडवाड़ा, स्वस्थ पिंडवाड़ा का सपना साकार बनाएं, पर्यावरण को सुरक्षित बचाएं।”


