UP के चीनी उद्योग का भविष्य तय करेगा Lucknow का International Seminar, एथेनॉल पर होगा मंथन

    UP के चीनी उद्योग का भविष्य तय करेगा Lucknow का International Seminar, एथेनॉल पर होगा मंथन
    गन्ना और चीनी उत्पादन के मामले में उत्तर प्रदेश देश का अग्रणी राज्य है। एथेनॉल उत्पादक राज्यों में भी इसका प्रथम स्थान है। इस संदर्भ में, उत्तर प्रदेश में गन्ना विकास और चीनी उद्योग की वर्तमान स्थिति तथा भविष्य की दिशा पर गहन चिंतन करना अत्यंत आवश्यक हो जाता है। इसी क्रम में, गन्ना विकास और चीनी उद्योग के विभिन्न आयामों पर केंद्रित एक अंतर्राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन 21 और 22 मई, 2026 को लखनऊ-कानपुर मार्ग पर स्थित ‘रमाडा होटल’, लखनऊ में किया जा रहा है।
    ‘चीनी उद्योग के विकासोन्मुख भविष्य की तैयारी ‘ विषय पर होने वाली यह संगोष्ठी उत्तर प्रदेश की निजी चीनी मिलों के संगठन यूपी शुगर मिल्स एसोसिएशन (यू पी एस एम ए) और ग्रीनटेक, कानपुर के संयुक्त तत्वाधान में किया जा रहा है। राष्ट्रीय शर्करा संस्थान के पूर्व निदेशक  प्रोफेसर नरेन्द्र मोहन के तकनीकी निर्देशन में होने वाली  इस संगोष्ठी की मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के गन्ना विकास व चीनी उद्योग विभाग की अपर मुख्य सचिव श्रीमती वीना कुमारी होंगी।
    साथ ही संगोष्ठी में केन्द्र सरकार के संयुक्त सचिव (शर्करा), यू पी एस एम ए के अध्यक्ष विजय बंका, पूर्व अध्यक्ष सीबी पाटोदिया, अधिशासी निदेशक डीसीएम श्रीराम आर एल टामक आदि की विशेष उपस्थिति रहेगी। उद्घाटन सत्र 21 मई की सुबह 10 बजे होगा। इस सत्र में संगोष्ठी की मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश की अपर मुख्य सचिव गन्ना विकास व चीनी उद्योग श्रीमती वीना कुमारी का सम्बोधन होगा। उद्घाटन सत्र के बाद संगोष्ठी के चार सत्र होंगे जिसमें विभिन्न विषयों पर अपने क्षेत्र के विशेषज्ञ, तथा विद्वान वक्ता अपने विचार प्रस्तुत करेंगे। दूसरे दिन 22 मई को भी तीन सत्र होंगे।
    इस संगोष्ठी में इंग्लैंड में प्रकाशित शुगर इंडस्ट्री इंटरनेशनल पत्रिका के सम्पादक अरविन्द चुडासामा, जर्मनी के सुक्रोस्फेयर प्रिफेर एवं लैंजेन (आईपी) के प्रबंध निदेशक मार्क ओलिवर बर्कहार्ट, लास एंजेलिस (यू एस ए) के कार्बो सोल्यूशंस इण्टरनेशनल (एलएलसी) के इम्मुएनल एम सरीर सहित कई अन्य देशों के चीनी उद्योग व गन्ना विकास से जुडे विशेषज्ञ अपने बहुमूल्य विचार रखेंगे।
    संगोष्ठी के साथ ही विभिन्न तकनीकी प्रदाताओं द्वारा प्रदर्शनी के माध्यम से प्रतिभागियों को नई प्रणालियों से भी अवगत कराया जाएगा। इस अवसर पर कृषि संयंत्र तथा बायो प्लास्टिक्स का प्रदर्शन भी किया जाएगा।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *