रानपुर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। एक निजी बस हादसे का शिकार हो गई। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 23 से ज्यादा यात्री घायल हो गए। इनमें छह-सात यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसा फोरलेन हाइवे पर देर रात करीब 11.40 बजे हुआ।
जानकारी के अनुसार, एक यात्री बस अहमदाबाद से वाया कोटा होकर भिंड-मुरैना की ओर जा रही थी। इसमें 50 से ज्यादा लोग सवार थे। इसी दौरान रानपुर थाना क्षेत्र के आंवली-रोजड़ी के पास निजी बस का शीशा अचानक तड़क गया। इससे ड्राइवर का ध्यान भंग हो गया और बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर को पार करके दूसरी साइड जाकर तेज धमाके के साथ पलट गई। इससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार शुरू हो गई।
एक घायल महिला ने बताया कि यह बस मार्ग में मिड-वे पर रुकी थी। हादसे के 15 मिनट पहले ही बस का ड्राइवर चेंज हुआ था। महिला बार-बार हाथ जोड़कर अपने पति बचाने की गुहार लगाती रही। उसने बताया कि हादसे के समय पति केबिन में सो रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम के साथ अग्निशमन दस्ता तुरंत मौके पर पहुंचा और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। डीएसपी मनीष शर्मा के अनुसार, हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि 6-7 घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
सभी गंभीर घायलों को तुरंत न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया। मौके पर देर रात तक रेस्क्यू ऑपरेशन जारी था। जिला कलक्टर पीयूष समारिया, सिटी एसपी तेजस्वनी गौतम और कई अधिकारी मौके पर पहुंच गए।


