Kottayam में खुद को IPS बताकर नाबालिग का यौन उत्पीड़न करने वाला गिरफ्तार

Kottayam में खुद को IPS बताकर नाबालिग का यौन उत्पीड़न करने वाला गिरफ्तार

केरलम के कोट्टायम में एक व्यक्ति को खुद को भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के वरिष्ठ अधिकारी के रूप में पेश करके एक नाबालिग लड़की का यौन उत्पीड़न करने और कई अन्य लोगों के साथ धोखाधड़ी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान वडावथूर के रहने वाले आदित्यन के तौर पर हुई है।

उन्होंने बताया कि आदित्यन ने सोशल मीडिया पर खुद को आईपीएस अधिकारी के तौर पर पेश करके नाबालिग लड़की से दोस्ती की। अधिकारी के मुताबिक, बाद में आरोपी ने शादी का झांसा देकर लड़की का यौन उत्पीड़न किया। उन्होंने बताया कि हालांकि, लड़की के गर्भवती होने पर आदित्यन उससे दूरी बनाने लगा, जिसके बाद परिजन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

अधिकारी के अनुसार, कोट्टायम पश्चिम पुलिस ने यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत मामला दर्ज करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आदित्यन ने खुद को आईपीएस अधिकारी के तौर पर पेश करके कई लोगों को ठगा था। पुलिस के मुताबिक, शिकायत मिलने के बाद आदित्यन के खिलाफ धोखाधड़ी की घटनाओं के लिए अलग-अलग मामले दर्ज किए जाएंगे।

पुलिस ने बताया कि आदित्यन को शनिवार को अदालत में पेश किया, जिसने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *