KGMU के नेफ्रोलॉजी विभाग में बांड के तहत तैनात असिस्टेंट प्रोफेसर का मरीज की दलाली से जुड़ा कथित ऑडियो सामने आया है।रविवार को ये सोशल मीडिया में वायरल हो गया। इसमें डॉक्टर और मरीज के तीमारदार के बीच बातचीत बताई जा रही है। आरोप हैं कि डॉक्टर तीमारदार को KGMU के बजाय निजी अस्पताल में इलाज कराने के लिए कह कर रहा था। ऑडियो सामने आने के बाद KGMU प्रशासन में भी खलबली मच गई है। प्रशासन ने मामले को गंभीर मानते हुए जांच कराने की बात कही है। ये था पूरा मामला बस्ती के कुदरहा ब्लॉक निवासी 54 साल की पुष्पा किडनी रोग से पीड़ित थीं। परिवारीजन उन्हें लेकर KGMU नेफ्रोलॉजी विभाग की ओपीडी में पहुंचे थे। आरोप है कि बांड के तहत असिस्टेंट प्रोफेसर ने फेफेड़े में संक्रमण बताया। डॉक्टर ने मरीज की जान बचाने के लिए फेफड़े में पाइप डालने की बात कही थी। ताकि संक्रमण को कम किया जा सके। परिजन इसके राजी हो गए थे। KGMU में इस प्रक्रिया में देरी लगने की बात कहते हुए मरीज को आरोपी असिस्टेंट प्रोफेसर ने दुबग्गा स्थित निजी हॉस्पिटल में भेज दिया। आयुष्मान से मुफ्त इलाज मुहैया कराने की बात भी कही थी। डॉक्टर के झांसे में आए परिजन मरीज को निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। वहां पर आयुष्मान कार्ड होने के बाद भी करीब एक लाख रुपये वसूले गए थे। बेटे विजय कुमार चौधरी ने डॉक्टर पर इलाज के नाम पर वसूली करने का आरोप लगाया है। इलाज के दौरान मरीज की मौत हो गई थी। निजी अस्पताल के डॉक्टर का भी नाम रविवार को डॉक्टर और तीमारदार के बीच की बातचीत का ऑडियो वायरल हुआ। जिसमें डॉक्टर तीमारदार से मरीज की हालत को लेकर बातचीत करता सुनाई दे रहा है। बातचीत के दौरान डॉक्टर निजी अस्पताल में इलाज कराने की सलाह देता है। इसमें निजी अस्पताल के डॉ.आमिर का भी जिक्र किया गया है। डॉक्टर की ओर से शाम को ही फेफड़े में संक्रमण निकालने के लिए पाइन लाइन डालने की बात कहे जाने का भी दावा किया जा रहा है। ऑडियो सामने आने के बाद हरकत में आए जिम्मेदार ऑडियो वायरल होने के बाद पूरे मामले को मरीज को निजी अस्पताल भेजने और दलाली से जोड़कर देखा जा रहा है। KGMU प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है। प्रशासन के मुताबिक वायरल ऑडियो की जांच कराई जाएगी। नेफ्रोलॉजी विभाग के आरोपी डॉक्टर को सोमवार को नोटिस जारी कर जवाब-तलब किया जाएगा। डॉक्टर के जवाब और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।

