Karauli Accident: 3 दिन बाद होने वाली थी सगे भाइयों की शादी, हादसे में 1 की मौत, दूसरा गंभीर, परिवार में मातम

Karauli Accident: 3 दिन बाद होने वाली थी सगे भाइयों की शादी, हादसे में 1 की मौत, दूसरा गंभीर, परिवार में मातम

मासलपुर। मासलपुर-बसेड़ी मार्ग पर रुंधपुरा घाटी की पुलिया पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। इस हादसे में छोटे भाई की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि बड़ा भाई गंभीर रूप से घायल है और जिला चिकित्सालय में उसका इलाज जारी है। मृतक की पहचान मासलपुर थानांतर्गत भूरखेड़ा गांव निवासी भरतराम पुत्र कल्याण सिंह गुर्जर के रूप में हुई है।

यह वीडियो भी देखें

अनियंत्रित होकर पलटी ट्रैक्टर-ट्रॉली

जानकारी के अनुसार मासलपुर से करीब तीन किलोमीटर दूर रुंधपुरा पुलिया के पास एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में ट्रॉली में सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई और तुरंत घायलों को मासलपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

उपचार के दौरान एक की मौत

प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला चिकित्सालय करौली रेफर किया गया। उपचार के दौरान भरतराम गुर्जर ने दम तोड़ दिया, जबकि उनके बड़े भाई अरविंद गुर्जर का इलाज जारी है और उनकी स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है। बताया गया है कि भरतराम अपने बड़े भाई अरविंद के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली में टैंट का सामान वापस करके गांव लौट रहे थे। जैसे ही ट्रैक्टर रुंधपुरा पुलिया की ढलान पर पहुंचा, वह अचानक असंतुलित हो गया और ट्रॉली सहित पलट गया। इस हादसे में दोनों भाई बुरी तरह घायल हो गए।

गांव में शोक की लहर

इस घटना की खबर मिलते ही भूरखेड़ा गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब सन्नाटा पसरा हुआ है। परिवार के लोगों और ग्रामीणों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के अनुसार दोनों भाइयों की शादी 21 अप्रेल को होने वाली थी। इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।

यह हादसा क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं। बता दें कि कुछ दिन पहले ही बयाना रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास निजी स्कूल बस ने बाइक सवार को टक्कर मार दी थी, जिससे चालक की मौके पर ही मौत हो गई। थी हादसे के समय बस में 10 से 15 बच्चे बैठे थे। भुकरावली के रहने वाले भूरी सिंह मीना (58), राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय धंधावली में हेडमास्टर के पद पर कार्यरत थे। सुबह वह बाइक से स्कूल जा रहे थे, जहां उन्हें प्राइवेट स्कूल बस ने टक्कर मार दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *