Jobs: राजस्थान में 24,752 पदों पर होगी संविदा सफाई कर्मचारी की भर्ती, आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ी

Jobs: राजस्थान में 24,752 पदों पर होगी संविदा सफाई कर्मचारी की भर्ती, आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ी

Rajasthan News: जयपुर। राज्य के 183 नगरीय निकायों में संविदा सफाई कर्मचारी भर्ती के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को राहत मिली है। स्वायत्त शासन विभाग ने 24,752 संविदा सफाई कर्मचारी पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 13 अक्टूबर 2026 कर दी है।

विभाग के अनुसार Rajasthan Contractual Hiring to Civil Posts Rules, 2022 एवं यथासंशोधित नियमों के तहत निकायवार इन पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया चल रही है। इससे पहले ऑनलाइन आवेदन की अवधि 15 अगस्त से 28 सितंबर 2026 तक निर्धारित की गई थी। अब इच्छुक अभ्यर्थी 13 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि भर्ती विज्ञापन में दी गई अन्य सभी शर्तें पहले की तरह ही लागू रहेंगी। अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले पूर्व में जारी भर्ती विज्ञापन और संबंधित दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी गई है।

उचित मूल्य की 19 दुकानों के लिए फिर जारी होगी विज्ञप्ति, 109 आवेदन भेजे

जयपुर। जिला रसद कार्यालय जयपुर द्वितीय के अधीन रिक्त 19 उचित मूल्य दुकानों के लिए अब नए सिरे से विज्ञप्ति जारी की जाएगी। वर्ष 2023 में इन दुकानों की रिक्तियों के लिए विज्ञप्ति जारी की गई थी, लेकिन प्रक्रिया के दौरान न्यायालय की ओर से स्थगन आदेश जारी होने के कारण भर्ती प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी थी।
अब न्यायालय से स्थगन समाप्त होने के बाद विभाग ने वर्ष 2023 की पुरानी विज्ञप्ति को समाप्त कर नए सिरे से विज्ञप्ति जारी करने के निर्देश दिए हैं। जिला रसद अधिकारी जयपुर द्वितीय प्रियव्रत सिंह चारण ने बताया कि इन 19 रिक्त दुकानों के लिए कोटपूतली-बहरोड़ क्षेत्र से पूर्व में प्राप्त 109 आवेदन पत्र जिला रसद अधिकारी कोटपूतली-बहरोड़ को भेज दिए गए हैं।
अब नई विज्ञप्ति जारी होने के बाद इन दुकानों के आवंटन की आगामी प्रक्रिया शुरू की जाएगी। विभाग की ओर से संबंधित प्रक्रिया नियमानुसार आगे बढ़ाई जाएगी।

‘शुद्ध आहार–मिलावट पर वार’: पहले दिन 1500 किलो खाद्य सामग्री नष्ट, 90 को नोटिस

जयपुर। राजस्थान में ‘शुद्ध आहार–मिलावट पर वार’ अभियान के तहत अस्पतालों के अंदर और आसपास संचालित खाद्य प्रतिष्ठानों की सघन जांच शुरू हो गई है। अभियान के पहले दिन प्रदेशभर में 100 से अधिक सरकारी और निजी अस्पतालों तथा उनके आसपास संचालित 172 से अधिक खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों के 159 नमूने लिए गए और उन्हें जांच के लिए प्रयोगशालाओं में भेजा गया। वहीं करीब 1500 किलोग्राम खाद्य सामग्री मौके पर ही नष्ट कराई गई। खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने वाले 90 कैंटीन और खाद्य प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी किए गए हैं।

प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य गायत्री राठौड़ ने कहा कि मरीजों और उनके परिजनों को उपचार के साथ सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन मिलना जरूरी है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त अविचल चतुर्वेदी के निर्देश पर सभी जिलों में कैंटीन, कैफेटेरिया, भोजनालय और रेस्टोरेंट की जांच की जा रही है। निरीक्षण में कमियां मिलने पर सुधार के निर्देश और आवश्यक होने पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *