Rajasthan Congress: कांग्रेस पार्टी राजस्थान में संगठन सृजन अभियान के तहत नियुक्त किए गए 50 नए जिला अध्यक्षों को मजबूत नेतृत्व के लिए प्रशिक्षित करने जा रही है। इसके लिए अगले माह के दूसरे पखवाड़े में 10 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर जयपुर या दिल्ली में आयोजित हो सकता है फिलहाल इस पर अंतिम निर्णय होना है।
पाठशाला में खरगे-राहुल देंगे मंत्र
इस प्रशिक्षण शिविर में एक-एक दिन के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी शामिल होंगे। उनके सत्रों में संगठन की दिशा, राजनीतिक रणनीति और जनसंवाद पर मार्गदर्शन दिया जाएगा। यह शिविर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रभारी प्रशिक्षण एवं कांग्रेस संदेश के प्रमुख सचिन राव के नेतृत्व में होगा। विभिन्न सत्रों के माध्यम से प्रतिभागियों को पार्टी की विचारधारा, इतिहास, संगठन निर्माण, सामाजिक मुद्दों और देश के विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी।
आवासीय होगा प्रशिक्षण शिविर
प्रदेश में करीब पांच माह पहले संगठन सृजन अभियान के तहत फीडबैक और साक्षात्कार प्रक्रिया के माध्यम से जिला अध्यक्षों की नियुक्ति की गई थी। अब इन्हें व्यवस्थित प्रशिक्षण देकर जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत करने की तैयारी है। प्रशिक्षण शिविर पूरी तरह आवासीय होगा, जिसमें सभी जिला अध्यक्षों को पूरे 10 दिन रहना अनिवार्य होगा। शिविर में बाहरी व्यक्तियों या अन्य नेताओं के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा, ताकि प्रशिक्षण का वातावरण अनुशासित और केंद्रित बना रहे।
जनसंपर्क और संवाद कौशल पर विशेष प्रशिक्षण
शिविर के दौरान जिला अध्यक्षों को पार्टी की विचारधारा और इतिहास से अवगत कराया जाएगा, जिसमें आजादी से अब तक कांग्रेस की भूमिका को समझाया जाएगा। साथ ही संगठन निर्माण के तरीके, जमीनी स्तर पर टीम तैयार करने की रणनीति, जनसंपर्क और संवाद कौशल पर विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। समसामयिक सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर भी चर्चा कर उनकी समझ विकसित की जाएगी।
प्रशिक्षण से पहले जारी होंगी जिला कार्यकारिणी
इधर, राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर होने से पहले जिलों की कार्यकारिणी घोषित करने के लिए तैयारी शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि जिला कार्यकारिणी घोषित करने को लेकर सभी जिलों से नाम ले लिए गए हैं। जिन पर प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा चर्चा कर रहे हैं।


