IPL 2026 playoff qualification scenarios: 2 टीम हुई आईपीएल से बाहर तो 2 का प्‍लेऑफ में पहुंचना तय! अब इन 6 के बीच 2 स्‍थानों की जंग

IPL 2026 playoff qualification scenarios: 2 टीम हुई आईपीएल से बाहर तो 2 का प्‍लेऑफ में पहुंचना तय! अब इन 6 के बीच 2 स्‍थानों की जंग

IPL 2026 playoff qualification scenarios: मुंबई के वानखेड़े स्‍टेडियम में एमआई और एलएसजी के बीच खेले गए मैच के बाद दो टीम प्‍लेऑफ की रेस से लगभग बाहर हो चुकी हैं तो दो टीम जगह बनाती नजर आ रही हैं। आइये जानते हैं इस मैच के बाद सभी टीमों का प्‍लेऑफ में पहुंचने का गणित कैसा है। 

IPL 2026 playoff qualification scenarios: आईपीएल 2026 का लीग चरण अब उस रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया है, जहां हर मैच का नतीजा प्लेऑफ की दौड़ पर असर डालेगा। कुछ टीमें आसानी से आगे बढ़ रही हैं तो कुछ किसी तरह खुद को बचाए हुए हैं और कुछ का अभी से बाहर होना लगभग तय हो गया है। हालांकि अभी तक कुछ भी आधिकारिक नहीं है, लेकिन आप समझ सकते हैं कि पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का प्लेऑफ में पहुंचना लगभग तय है, जबकि मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स टीमें इस दौड़ से बाहर हो चुकी हैं।

आईपीएल 2026 के प्लेऑफ में पहुंचने के लिए न्‍यूनतम अंक

आईपीएल के पिछले सीजन की पॉइंट्स टेबल के आधार पर देखें तो मुंबई इंडियंस 16 पॉइंट्स के साथ चौथे स्‍थान पर रहते हुए प्‍लेऑफ के लिए क्‍वालीफाई किया था। ऐसे में 16 अंकों के जादुई आंकड़े तक पहुंचने के लिए आठ मैच जीतने की जरुरत होगी। हालांकि, 2024 में 14 अंक हासिल करने वाली आरसीबी भी क्‍वालीफाई कर चुकी है, लेकिन इस सीजन में 9-10 मैच खेलने के बाद पांच शीर्ष टीम 12 अंकों तक पहुंच चुकी हैं। ऐसे में 14 अंक वाली टीम के प्‍लेऑफ में पहुंचने की उम्‍मीद न ही करें तो बेहतर होगा।

पंजाब किंग्स का पहुंचना लगभग तय

पंजाब किंग्स ने अपने अभियान की शुरुआत लगातार छह जीत और एक बेनतीजा मैच के साथ की थी। श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली यह टीम जबरदस्त प्रदर्शन कर रही है और उसके प्लेऑफ में पहुंचने की संभावना सबसे ज्‍यादा है। 16 अंकों तक पहुंचने के लिए पंजाब को बाकी पांच मैचों में से सिर्फ दो मैच जीतने की जरुरत है, जो कि लगभग तय माना जा रहा है।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु भी दो जीत दूर

डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी इस समय बिल्कुल एक चैंपियन टीम की तरह खेल रही है। छह मैच पहले ही जीत चुकी इस टीम को 16 अंकों के जादुई आंकड़े तक पहुंचने के लिए बचे हुए पांच मैचों में से सिर्फ दो जीत की दरकार है। आरसीबी का मजबूत नेट रन रेट (+1.420) उसे अतिरिक्त बढ़त देता है। उसकी मौजूदा फॉर्म को देखते हुए टॉप-2 में जगह बनाने की संभावना सबसे ज्‍यादा है।

मुंबई इंडियंस का बाहर होना तय!

मुंबई इंडियंस कागज पर तो काफी मजबूत नजर आती है, लेकिन जब प्रदर्शन की बात आती है तो वह हर विभाग में फेल हो जाती है। अब वह अपने बाकी चार मैच जीतकर भी ज्‍यादा से ज्‍यादा 14 अंकों तक पहुंच सकती है। वहीं, उसका नेट रन रेट भी काफी खराब है। ऐसे में यह कहना गलत नहीं होगा कि उसका प्‍लेऑफ का अभियान अब लगभग खत्म हो चुका है।

लखनऊ सुपर जायंट्स का भी बुरा हाल

आईपीएल 2026 में एलएसजी की हालत भी एमआई जैसी ही है, लेकिन उनके पास एक मैच ज्‍यादा है। अब यहां से अपने बाकी पांच मैच जीतकर भी वह अधिकतम 14 अंक ही जुटा पाएगी। उसका भी नेट रन रेट मुंबई की तरह नेगेटिव में है। ऐसे में उसकी भी प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें लगभग खत्म हो चुकी हैं।

छह टीमों के बीच दो स्‍थानों की जंग

आईपीएल के इस सीजन अब दो स्‍थानों के लिए छह टीमों के बीच कड़ी टक्‍कर देखने को मिल सकती है। इनमें सबसे ऊपर सनराइजर्स हैदराबाद है, जिसके 10 मैचों के बाद 12 अंक हैं। इसके बाद राजस्‍थान रॉयल्‍स है, जिसके 10 मैचों में 12 पॉइंट्स हैं, लेकिन उसका नेट रन रेट एसआरएच से थोड़ा कम है।

फिर नंबर आता है जीटी का, जिसने टूर्नामेंट में शानदार कमबैक किया है। उसके भी 10 मैचों में 12 अंक हैं। उपरोक्‍त तीनों टीमों दो मैच जीतने की जरुरत है। इसके बाद इस दौड़ में 9 मैचों में 8 पॉइंट्स के साथ सीएसके और दिल्‍ली कैपिटल्‍स भी बनी हुई हैं। जबकि केकेआर के 9 मैचों में 7 पॉइंट्स हैं, अब यहां से एक भी हार उसे बाहर का रास्‍ता दिखा सकती है।

​Sports – Patrika | CMS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *