India vs Pakistan Women Asia Cup 2026: वूमेंस एशिया कप 2026 में भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से करारी शिकस्त दी। मुकाबले के दौरान शेफाली वर्मा को आउट करने के बाद फातिमा सना के सेंड ऑफ पर विवेक राजदान ने मजेदार कमेंट किया।
Fatima Sana-Shefali Vemra: भारत और पाकिस्तान के बीच वूमेन्स एशिया कप 2026 का नौवां मुकाबला दुबई में खेला गया, जहां हरमनप्रीत कौर एंड कंपनी ने एकतरफा जीत हासिल की। इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान की टीम सिर्फ 55 रन पर ढेर हो गई। जवाब में भारतीय टीम ने नौवें ओवर में सिर्फ तीन विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस मुकाबले में जब भारतीय टीम 56 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी, तो टीम को सबसे पहला झटका शेफाली वर्मा के रूप में लगा, जो दूसरे ही ओवर में फातिमा सना की गेंद पर उन्हीं को कैच देकर पवेलियन लौट गईं। उस समय तक भारतीय टीम का स्कोर 13 रन था। विकेट मिलने के बाद फातिमा सना ने गुस्से में शेफाली वर्मा को सेंड ऑफ दिया, जिसके बाद इस मुकाबले के लिए कमेंट्री कर रहे पूर्व क्रिकेटर और दिग्गज कमेंटेटर विवेक राजदान ने बेइज्जती कर दी।
फातिमा ने झटके 3 विकेट
फातिमा सना की गेंद को क्लिप करने की कोशिश में शेफाली वर्मा के बल्ले का बाहरी किनारा लगा और गेंद फॉलो थ्रू में फातिमा ने कैच कर लिया। इसके बाद उन्होंने गुस्से में शेफाली की ओर देखा और उन्हें पवेलियन लौटने का इशारा किया। जिसके बाद विवेक राजदान ने तुरंत रिएक्ट किया और कहा, “पूरी टीम ने रन बनाए हैं 55 और सेंड ऑफ दे रही हैं।” फातिमा ने इसके बाद प्रतीका रावल को शून्य के स्कोर पर आउट किया, तो स्मृति मंधाना को एलबीडब्ल्यू कर 9 रन के स्कोर पर पवेलियन भेजा।
कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 18 और दीप्ति शर्मा ने 12 रन की पारी खेलकर टीम इंडिया को 9वें ओवर में जीत दिला दी। फातिमा सना ने तीन ओवर में 17 रन देकर तीन विकेट चटकाए। हालांकि, अपने इन तीन विकेट को उन्होंने बेकार बताया और कहा कि इसका कोई मायने नहीं है। उन्होंने बताया कि जब टीम हार जाए, तो आपके तीन विकेट का कोई मायने नहीं रहता है।
भारतीय टीम अब सेमीफाइनल पहुंच चुकी है, तो वहीं पाकिस्तान भी लगभग सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है। उसे बस हांगकांग के खिलाफ बड़ी हार से बचना है। ग्रुप A में पाकिस्तान की टीम दूसरे स्थान पर है और थाईलैंड से उसका नेट रनरेट काफी बेहतर है। यही वजह है कि हांगकांग से हारकर भी पाकिस्तान की टीम अंतिम 4 में पहुंच सकती है। पाकिस्तान और हांगकांग के बीच ग्रुप स्टेज का आखिरी मुकाबला 7 सितंबर को भारतीय समयानुसार रात 8 बजे से खेला जाएगा।
Sports – Patrika | CMS


