महाराष्ट्र के पुणे (Pune News) जिले में एक बार फिर झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। भोर क्षेत्र में चार वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म और हत्या की घटना अभी ताजा ही थी कि अब चाकण इलाके से एक और विचलित कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां तीन साल के मासूम बच्चे के साथ अप्राकृतिक यौन संबंध बनाने के बाद उसकी गला रेतकर हत्या कर दी गई।
यह खौफनाक वारदात चाकण के म्हालुंगे दक्षिण पुलिस स्टेशन के अंतर्गत हुई। जानकारी के अनुसार, मृतक बच्चा रियान्स (3) अपने पड़ोस में रहने वाली एक लड़की को खेलने के लिए बुलाने गया था, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पड़ोसी के कमरे में मिला शव
तलाशी के दौरान पुलिस और परिजनों को पड़ोस में रहने वाले सत्यम के कमरे में एक सूटकेस के अंदर बच्चे का शव मिला। बच्चे के गले पर धारदार हथियार से वार किए जाने के निशान पाए गए, साथ ही शरीर पर गंभीर चोटों के कई निशान भी मिले हैं। इस खुलासे के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
नाबालिग आरोपी हिरासत में
पुलिस ने इस मामले में 16 वर्षीय एक नाबालिग को हिरासत में लिया है, जो मूल रूप से बिहार का रहने वाला बताया जा रहा है। वहीं, पीड़ित परिवार मध्य प्रदेश का निवासी है और काम के सिलसिले में चाकण क्षेत्र में रह रहा था। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की गहन जांच जारी है।
स्थानीय नागरिकों में इस घटना को लेकर भारी रोष है। बताया जा रहा है कि करीब एक महीने पहले ही आरोपी मजदूरी के काम के लिए पुणे आया था। वारदात के बाद वह पुणे रेलवे स्टेशन से गांव भागने की तैयारी में था, लेकिन पुलिस ने उसे समय रहते धर दबोचा। इस मामले में हत्या और पोक्सो (POCSO) एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुणे में बच्चों के खिलाफ बढ़ते अपराध ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार सामने आ रही ऐसी वारदातों ने अभिभावकों के मन में डर पैदा कर दिया है।


