मैनपुरी में वृद्ध महिला की जमीन पर कब्जा:बोलीं- गांव के दबंग जबरन कब्जा कर रहे, रोका तो गाली गलौज कर मारपीट की

मैनपुरी के कुरावली तहसील क्षेत्र में एक वृद्ध महिला की जमीन पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। आरोप है कि राजस्व विभाग और तहसील प्रशासन द्वारा कार्रवाई न होने पर पीड़िता ने अपने परिवार के साथ जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। यह मामला बिछवा थाना क्षेत्र के डेरा बंजारा लहरा गांव का है। गांव निवासी ज्ञान देवी पत्नी साहूकार सिंह ने जिलाधिकारी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उनके पति के नाम गांव में जमीन दर्ज है। उनका परिवार दिल्ली में रहता है और वह गांव में अकेली रहती हैं। इसी का फायदा उठाकर कुछ ग्रामीण उनकी जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। ज्ञान देवी ने आरोप लगाया कि गांव निवासी रामप्रकाश पुत्र सरमन, राजबहादुर पुत्र विजयपाल, संतोष, मुन्नालाल और अनिल पुत्र विजयपाल उनकी जमीन पर जबरन निर्माण कार्य करा रहे हैं। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने गाली-गलौज की और मारपीट पर उतारू हो गए। ज्ञान देवी के अनुसार, उन्होंने इस संबंध में कई बार कुरावली तहसील और एसडीएम कार्यालय में शिकायतें दर्ज कराई हैं। हालांकि, अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उनका आरोप है कि राजस्व विभाग के अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया, जिससे आरोपियों के हौसले बुलंद हुए हैं। पीड़िता ने बताया कि वह लंबे समय से अधिकारियों के चक्कर लगा रही हैं, लेकिन सुनवाई न होने से परेशान हैं। उन्होंने आशंका जताई कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो उनकी जमीन पर पूरी तरह कब्जा हो जाएगा। जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर उन्होंने शिकायती पत्र दिया और मामले की निष्पक्ष जांच तथा आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *