बाराबंकी में डीजे पर गाना बदलने को लेकर मारपीट:युवक पर बांके से हमला, गंभीर हालत में लखनऊ रेफर

बाराबंकी में डीजे पर गाना बदलने को लेकर मारपीट:युवक पर बांके से हमला, गंभीर हालत में लखनऊ रेफर

बाराबंकी के रामनगर थाना क्षेत्र के सूरतगंज ब्लॉक स्थित एक गांव में बुधवार देर रात तिलक समारोह के दौरान डीजे पर गाना बदलने को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे लखनऊ रेफर किया गया है। यह घटना कजियापुर गांव निवासी नरेंद्र शर्मा के यहां आयोजित तिलक समारोह में हुई। कार्यक्रम में डीजे और आर्केस्ट्रा की व्यवस्था थी। इसी दौरान चैनपुरवा गांव निवासी 22 वर्षीय इसरार और कजियापुर निवासी मयंकर सिंह के बीच डीजे पर गाना बदलने को लेकर बहस शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर मयंकर सिंह ने इसरार पर बांके से हमला कर दिया। हमले में इसरार के चेहरे, नाक और आंख के पास गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। परिजनों और ग्रामीणों ने उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सूरतगंज पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया, और फिर बेहतर इलाज के लिए लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है। घटना की सूचना मिलते ही महादेवा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि आरोपी मयंकर सिंह घटना के बाद से फरार है। पुलिस ने कहा है कि तहरीर मिलने के बाद आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *