Jason Holder IPL 2026 Auction Money: आईपीएल 2026 के 42वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ गुजरात टाइटंस ने शानदार जीत हासिल की। इस मुकाबले में जेसन होल्डर अकेले आरसीबी पर भारी पड़े। उन्होंने गेंदबाजी के दौरान दो विकेट तो चटकाए ही, साथ ही फील्डिंग में तीन शानदार कैच भी लपके, जिसकी वजह से आरसीबी बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सकी।
होल्डर की वजह से ढेर हुई आधी टीम
इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 155 रन पर अपने सभी विकेट गंवा दिए। जेसन होल्डर ने चार ओवर में सिर्फ 29 रन खर्च किए और दो महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए। उन्होंने रोमारियो शेफर्ड और जितेश शर्मा को आउट किया। इसके अलावा फील्डिंग के दौरान टिम डेविड, क्रुणाल पंड्या और कप्तान रजत पाटीदार के कैच लपके। अगर कहा जाए कि आरसीबी की आधी टीम को ढेर करने में जेसन होल्डर का बड़ा हाथ रहा, तो यह गलत नहीं होगा। यही वजह रही कि उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
इस जीत के साथ गुजरात टाइटंस ने अपने प्लेऑफ के दावे को और मजबूत कर लिया है। टीम 9 में से 5 मैच जीतकर अंक तालिका में पांचवें स्थान पर पहुंच गई है। अब उन्हें बचे हुए 5 मुकाबलों में से कम से कम 3 जीतने होंगे, ताकि प्लेऑफ की उम्मीद बरकरार रहे। हालांकि टीम का नेट रन रेट अभी भी माइनस में है, इसलिए आने वाले मैचों में उन्हें बड़ी जीत दर्ज करनी होगी। इस जीत से उनकी प्लेऑफ की राह थोड़ी आसान जरूर हो गई है।
शुरुआती प्लेइंग 11 में नहीं थे होल्डर
इस मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करने वाले जेसन होल्डर शुरुआत में गुजरात टाइटंस की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा भी नहीं थे। एक मजबूरी के चलते उन्हें टीम में शामिल किया गया। दरअसल, इससे पहले उनकी जगह ग्लेन फिलिप्स प्लेइंग इलेवन में थे, लेकिन चोट के कारण उन्हें बाहर होना पड़ा, जिसके बाद होल्डर को मौका मिला।
जेसन होल्डर ने 2023 में राजस्थान रॉयल्स के लिए आईपीएल मुकाबले खेले थे, लेकिन पिछले दो सालों में उन्हें कोई खरीदार नहीं मिला। आईपीएल 2026 के ऑक्शन में गुजरात टाइटंस ने उन्हें 7 करोड़ रुपये में खरीदा, लेकिन शुरुआती मैचों में वह प्लेइंग इलेवन से बाहर रहे। हालांकि ग्लेन फिलिप्स के चोटिल होने के बाद उन्हें मौका मिला और तब से वह लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं।




