हनुमानगढ़ में डॉक्टरों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द:गर्मी और हीटवेव अलर्ट के कारण सीएमएचओ ने जारी किए आदेश

हनुमानगढ़ में डॉक्टरों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द:गर्मी और हीटवेव अलर्ट के कारण सीएमएचओ ने जारी किए आदेश

हनुमानगढ़ जिले में बढ़ती गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. नवनीत शर्मा ने सभी चिकित्सकों के अवकाश तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिए हैं। यह निर्णय सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी के मद्देनजर लिया गया है। सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा द्वारा जारी आदेशों के अनुसार वर्तमान में मेडिकल लीव पर चल रहे डॉक्टरों को हनुमानगढ़ के जिला चिकित्सालय में गठित चिकित्सा दल से अपने स्वास्थ्य की जांच करवानी होगी। आगे अवकाश की स्वीकृति चिकित्सा दल की अनुशंसा के आधार पर ही दी जाएगी। अन्य सभी चिकित्सकों को तत्काल मुख्यालय पर उपस्थित होकर चिकित्सा सेवाएं प्रदान करने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि निर्देशों की अवहेलना या कर्तव्यों के पालन में लापरवाही बरतने वाले चिकित्सकों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इसके अतिरिक्त, जिला चिकित्सालय में एक मेडिकल बोर्ड गठित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। सभी ब्लॉक और उप जिला चिकित्सा अधिकारियों को अवकाश पर जाने वाले चिकित्सकों को इस मेडिकल बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत कराने के लिए कहा गया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *