बालोतरा के जसोल रोड पर सोमवार को एक सड़क हादसा हुआ। अचानक सामने आई स्कॉर्पियो गाड़ी से बचने के प्रयास में मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर फिसल गई। इस दुर्घटना में बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। ये पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। बचने की कोशिश में बिगड़ा बैलेंस
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया- मोटरसाइकिल सवार युवक जसोल रोड से गुजर रहे थे। तभी एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अचानक उनके सामने आ गई। स्कॉर्पियो से टकराने से बचने की कोशिश में बाइक चालक ने संतुलन खो दिया, जिससे दोनों युवक सड़क पर गिर गए। दोनों के आई मामूली चोटें
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को पास के अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। बताया गया है कि दोनों युवकों को मामूली चोटें आई हैं। दुर्घटना के बाद स्कॉर्पियो ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन और उसके चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। स्थानीय लोगों ने ऐसे लापरवाह वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।


