डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर थाना बिधनू क्षेत्र में पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया। पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी के नेतृत्व में क्षेत्र में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई, जिससे सभी कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सकें। कानपुर डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने खुद मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न ड्यूटी पॉइंट्स पर तैनात पुलिस बल का निरीक्षण किया और अधिकारियों-कर्मचारियों को सतर्कता और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि किसी भी स्थिति में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अंबेडकर जयंती के चलते क्षेत्र में कई जगह जुलूस और आयोजन हो रहे हैं। इन्हें व्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से निकालने के लिए पुलिस ने विशेष इंतजाम किए हैं। मुख्य मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, वहीं ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए डायवर्जन प्लान भी लागू किया गया है। संवेदनशील इलाकों में खास नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी तरह की अफवाह या विवाद की स्थिति पैदा न हो। पुलिस प्रशासन लगातार पेट्रोलिंग कर रहा है और हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए है। पुलिस का कहना है, कि आमजन के सहयोग से सभी कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में कराया जा रहा है। प्रशासन की प्राथमिकता है कि त्योहार का माहौल सौहार्दपूर्ण बना रहे और लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।


